केंद्रीय मंत्रिपरिषद का विस्तार, 20 से अधिक नेताओं से पीएम मोदी ने की मुलाकात

Last Updated 07 Jul 2021 12:38:10 PM IST

मोदी सरकार की दूसरी पारी का बहुतप्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार आज शाम 6 बजे होने वाला है। इससे पूर्व आमंत्रित किये गये 20 से अधिक नेताओं से पीएम मोदी ने आज अपने निवास पर भेंट की।


सात लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री निवास पर आयोजित इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह मौजूद थे।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री आवास पहुंचने वालों में भाजपा महासचिव भूपेंद्र यादव, मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया, महाराष्ट्र से राज्यसभा के सदस्य नारायण राणो, असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, हरियाणा के सिरसा से सांसद सुनीता दुग्गल, दिल्ली से भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी, उत्तराखंड के नैनीताल-ऊधम सिंह नगर से सांसद अजय भट्ट, कर्नाटक के उडुपी चिकमगलूर से सांसद शोभा करंदलाजे, महाराष्ट्र के बीड से सांसद प्रीतम मुंडे, उत्तर प्रदेश के खीरी से सांसद अजय मिश्रा और पश्चिम बंगाल के बनगांव के सांसद शांतनु ठाकुर शामिल हैं।    

इनके अलावा केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी और केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री पुरुषोत्तम रूपाला भी प्रधानमंत्री आवास में मौजूद हैं। माना जा रहा है कि इन मंत्रियों की पदोन्नति हो सकती है।    

सूत्रों के अनुसार नये मंत्रियों की सूची में वरुण गांधी का नाम भी चर्चा में था लेकिन उन्हें प्रधानमंत्री निवास पर नहीं देखा गया। आज शाम मंत्रिमंडल का विस्तार होना है ।

सहयोगी दलों में से जनता दल (यूनाइटेड) के आरसीपी सिंह, अपना दल (एस) की अनुप्रिया पटेल और लोक जनशक्ति पार्टी के पारस गुट के पशुपति पारस भी प्रधानमंत्री आवास पहुंचने वाले नेताओं में शामिल हैं।  

माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री से मिलने पहुंचे सभी नेता, शाम छह बजे राष्ट्रपति भवन के अशोक हॉल में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में, मंत्री पद की शपथ लेंगे।      

प्रधानमंत्री के रूप में मई 2019 में 57 मंत्रियों के साथ अपना दूसरा कार्यकाल आरंभ करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल व विस्तार करने वाले हैं।

मौजूदा मंत्रिपरिषद में कर्नाटक के राज्यपाल बनाए गए केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत सहित कुल 53 मंत्री हैं और नियमानुसार केंद्रीय मंत्रिपरिषद में अधिकतम मंत्रियों की संख्या 81 हो सकती है।     
 

भाषा/वार्ता
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment