कोरोना: देश में पिछले 24 घंटे में मिले 32981 मरीज, पहली बार चार लाख से कम हुए सक्रिय मामले

Last Updated 07 Dec 2020 11:28:51 AM IST

कोरोना को मात देने वालों की संख्या में लगातार वृद्धि और संक्रमण की रफ्तार धीमी पड़ने से देश में सक्रिय मामले चार लाख से नीचे आ गये हैं।


देश में कोविड-19 के मामले बढकर 96.77 लाख के पार चले गए हैं, लेकिन 91.39 लाख से अधिक लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही देश में अब चार लाख से कम लोगों का ही कोरोना वायरस का इलाज चल रहा है।           

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार एक दिन में कोविड-19 के 32,981 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढकर 96,77,203 हो गए। वहीं 391 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढकर 1,40,573 हो गई।      

आंकड़ों के अनुसार देश में अभी 3,96,729 लोगों का कोरोना वायरस का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 4.10  प्रतिशत है। उसके अनुसार 91,39,901 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही, देश में मरीजों के ठीक होने की दर 94.45 प्रतिशत है, वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत है।    

भारत में सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख के पार चली गई थी।      

वहीं, कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख के पार चले गए थे।      

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार छह दिसम्बर तक 14,77,87,656 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई, जिनमें से 8,01,081 नमूनों का परीक्षण रविवार को किया गया।

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में सर्वाधिक 2769 मरीज स्वस्थ हुए और 40 लोगों की मौत हुई। राज्य में सक्रिय मामले कम होकर 81,162 रह गये हैं। मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 47,734 हो गये है, वहीं अभी तक 17.23 लाख से ज्यादा लोग कोरोना को मात दे चुके हैं।

केरल में स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या 5.72 लाख से अधिक हो गयी तथा सक्रिय मामले कम होकर 61,063 रह गये हैं जबकि 2418 लोगों की मौत हो चुकी है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामलों की संख्या 1985 कम होकर 24,693 रह गयी हालांकि देश भर में इस दौरान सबसे अधिक 69 मौतें भी यहीं हुई। अब तक 9643 लोग इस बीमारी से अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि 5.57 लाख से ज्यादा मरीज कोरोनामुक्त हुए हैं। 

आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में सक्रिय मामले 85 घटकर 22,160 रह गये हैं तथा इस महामारी से 7924 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में अब तक करीब 5.24 लाख मरीज स्वस्थ हुए हैं। 

भाषा/वार्ता
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment