Asian Para Games : पैरा एशियाई खेलों में भारत की नजर पदकों के रिकार्ड पर, अवनी लेखरा-सुमित अंतिल करेंगे भारतीय दल का नेतृत्व

Last Updated 22 Oct 2023 06:32:24 AM IST

टोक्यो पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता अवनी लेखरा (Avani Lekhara) और सुमित अंतिल (Sumit Antil) रविवार से शुरू होने वाले एशियाई पैरा खेलों में भारत के अब तक के सबसे बड़े दल का नेतृत्व करेंगे।


पैरा एशियाई खेल 2023

सक्षम एथलीटों द्वारा ऐतिहासिक सफलता हासिल करने के एक पखवाड़े बाद शुरू हो रहे पैरा एशियाई खेलों से भी देश को रिकॉर्ड पदकों की उम्मीद होगी।

टोक्यो पैरालंपिक में स्वर्ण और कांस्य पदक जीतने वाली अवनि के साथ भाला फेंक खिलाड़ी अंतिल देश के सबसे बड़े पदक दावेदारों में से एक होंगे।

अंतिल ने भी टोक्यो में स्वर्ण जीता था। पैरा निशानेबाज मनीष नरवाल के साथ-साथ बैड¨मटन खिलाड़ी प्रमोद भगत और कृष्णा नागर ने भी पैरालंपिक में शीर्ष स्थान हासिल किया था। हांगझोउ पैरा एशियाई खेलों में रिकॉर्ड 313 भारतीय एथलीटों में शामिल होंगे। भारत  22 खेलों में से 17 में भाग ले रहा है।

देश पहली बार रोइंग, कैनोइंग, लॉन बॉल, ताइक्वांडो और ब्लाइंड फुटबॉल में चुनौती पेश करेगा। पैरा खेलों में 43 देशों के लगभग 4,000 एथलीट 566 स्वर्ण पदक स्पर्धाओं में 22 खेलों में प्रतिस्पर्धा करेंगे।

कोविड के कारण पैरा एशियाई खेल 2022 में नहीं हो सका

पैरा एशियाई खेल मूल रूप से नौ से 15 अक्टूबर, 2022 तक होने वाले थे, लेकिन कोविड महामारी के कारण इसे एक साल के लिए स्थगित कर दिया गया था।

पहला पैरा एशियाई खेल 2010 में चीन के ग्वांगझोउ में आयोजित किया गया था, जहां भारत एक स्वर्ण सहित 14 पदकों के साथ 15वें स्थान पर रहा था। 2014 और 2018 सत्र में भारत क्रमश: 15वें और नौवें स्थान पर रहा था। टोक्यो पैरालंपिक में भाग लेने वाले 54 एथलीटों में से 51 हांगझोउ में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।

भारत यहां अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ पदक की उम्मीद कर रहा है। भारत ने 2018 पैरा एशियाई खेलों में 72 पदक (15 स्वर्ण, 24 रजत, 33 कांस्य) जीते, जो अब तक का सर्वश्रेष्ठ है। देश में खेल की नियामक संस्था भारतीय पैरालंपिक समिति (पीसीआई) को 100 पदक के आंकड़े को छूने की उम्मीद है।

यह आंकड़ा अगर हासिल होता है तो वे सक्षम खिलाड़ियों के आंकड़े के करीब पहुंचेंगे। भारत ने एशियाई खेलों में रिकॉर्ड 107 पदक जीता था।

भाषा
हांगझोउ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment