केजरीवाल को जमानत मिलने पर ईडी के HC जाने पर संजय सिंह बोले- मोदी सरकार की गुंडागर्दी देखिए...

Last Updated 22 Jun 2024 11:38:48 AM IST

ईडी ने ट्रायल कोर्ट द्वारा केजरीवाल को जमानत दिए जाने के फैसले के खिलाफ जैसे ही हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया आप नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।


संजय सिंह

सांसद संजय सिंह ने केजरीवाल की जमानत के आदेश पर रोक लगाने के लिए सरकार की आलोचना की है। हाईकोर्ट द्वारा कथित आबकारी घोटाले से जुड़े धन शोधन के मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जमानत प्रदान करने के अधीनस्थ न्यायालय के आदेश पर रोक लगाये जाने के बाद संजय सिंह ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर न्याय व्यवस्था का मजाक बनाने का आरोप लगाया।

मोदी सरकार की गुंडागर्दी देखिए

सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स‘ पर एक पोस्ट में कहा कि मोदी सरकार की गुंडागर्दी देखिए, अभी अधीनस्थ न्यायालय का आदेश ही नहीं आया, आदेश की प्रति भी नहीं मिली तो मोदी की ईडी हाईकोर्ट में किस आदेश को चुनौती देने पहुंच गई? क्या हो रहा है इस देश में?

उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था का मजाक क्यों बना रहे हो मोदी जी? पूरा देश आपको देख रहा है।

दूसरी तरफ अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा कि ईडी ने मुख्यमंत्री के जमानत आदेश को अदालत की वेबसाइट पर अपलोड होने से पहले ही चुनौती दे दी।

सुनीता केजरीवाल ने शुक्रवार को दावा किया कि उनके पति के जमानत संबंधी आदेश को, उसकी प्रति निचली अदालत की वेबसाइट पर अपलोड होने से पहले ही ईडी ने उच्च न्यायालय में चुनौती दे दी।

देश में तानाशाही ने सारी हदें पार कर दी

दक्षिणी दिल्ली के भोगल इलाके में लोगों को संबोधित करते हुए सुनीता केजरीवाल ने कहा कि देश में तानाशाही की सभी हदें पार हो चुकी हैं और दिल्ली के मुख्यमंत्री के साथ एक ‘वांछित आतंकवादी‘ जैसा व्यवहार किया जा रहा है।

आतिशी का अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल

आतिशी के शुक्रवार को दक्षिण दिल्ली के भोगल इलाके में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के दौरान आतिशी के साथ मौजूद सुनीता केजरीवाल ने कहा कि निचली अदालत की वेबसाइट पर जमानत आदेश अपलोड होने से पहले ही ईडी ने इसे रोकने के लिए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। देश में तानाशाही ने सारी हदें पार कर दी हैं।

समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment