बंगाल में तृणमूल, तमिलनाडु में द्रमुक, केरल में वाम मोर्चा और असम में भाजपा सत्ता की ओर अग्रसर

Last Updated 02 May 2021 09:14:20 PM IST

पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल भारी जीत की ओर अग्रसर है हालांकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नंदीग्राम विधानसभा सीट पर चुनाव हार गयी हैं जबकि असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केरल में वाम मोर्चा सत्ता में वापसी करती हुई दिख रही हैं।


पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (फाइल फोटो)

तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक को करारा झटका देते हुए द्रमुक सत्ता हासिल करने की ओर अग्रसर है। केन्द्र शासित प्रदेश पुड्डुचेरी में 22 सीटों के परिणाम आ गये हैं जिनमें एन आर कांग्रेस ने दस सीटें जीत ली हैं।

पश्चिम बंगाल में 128 सीटों के नतीजे आ चुके हैं और 1641 पर विभिन्न पार्टियां बढ़त बनाये हुए हैं। इनमें से तृणमूल ने 103 सीटों पर जीत हासिल की है और 113 सीटों पर आगे चल रही है जबकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नंदीग्राम सीट पर कांटे की टक्कर में भाजपा के शिवेन्दु अधिकारी से करीब 1957 मतों से चुनाव हार गयी हैं। भाजपा ने 24 सीटें जीती हैं और वह 50 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है तथा निर्दलीय के खाते में अभी तक एक सीट गयी है।
तृणमूल प्रत्याशी अरूप विश्वास ने टॉलीगंज सीट  जीती। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार और केन्द्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो को 50  हजार से अधिक मतों से करारी हार दी।



केरल में 113 सीटों के नतीजे आ चुके हैं और 27 सीटों पर विभिन्न पार्टियां बढ़त बनाये हुए हैं। मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने 49 सीटें जीती हैं और 13 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के खाते में 14 सीटें आयी हैं और 3 पर आगे चल रही है। कांग्रेस को 15 सीटें मिली हैं तथा 6 सीटों पर वह आगे चल रही है। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने 13 सीटें जीती हैं और वह 2 पर आगे चल रही है।
 
तमिलनाडु में 234 सीटों में से 18 सीटों के नतीजे आ चुके हैं और विभिन्न दल 216 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है। अन्नाद्रमुक ने 8 सीटें जीती हैं और वह 62 पर आगे चल रही है जबकि द्रमुक के खाते में 9 सीटें आयी हैं जबकि वह 121 पर बढ़त बनाये हुए हैं। कांग्रेस को अभी तक एक सीट मिली है और 15 पर बढ़त बनाये है।
 
पुड्डुचेरी में 22 सीटों के नतीजे आ चुके हैं और 7 सीटों पर विभिन्न दल बढ़त बनाये हुए हैं। इनमें आल इंडिया एन आर कांग्रेस ने 10 सीटें जीती हैं। भाजपा और द्रमुक ने तीन-तीन सीटें जीती हैं और भाजपा दो, द्रमुक 3 सीट पर आगे चल रही है। निर्दलीय के खाते में 4 सीटें गयी हैं और दो पर बढ़त बनाये हुए है। कांग्रेस दो सीटों पर सिमट कर रह गयी है।

असम में सत्तारूढ़ भाजपा ने 48 सीटों के परिणाम घोषित किये जा चुके हैं और 78 सीटों पर विभिन्न पार्टियों की बढ़त जारी है। भाजपा ने 25 सीटें जीत ली हैं और 34 पर बढ़त बनाये हुए है। राज्य में कांग्रेस के 8 उम्मीदवार जीत हासिल करने में कामयाब हो गये हैं और 23 सीटों पर उसके प्रत्याशी आगे हैं। 

सुश्री बनर्जी ने आज शाम कोलकाता में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चुनाव आयोग ने उनकी पार्टी के सहयोग नहीं किया और वह उसके खिलाफ उच्चतम न्यायालय में जायेंगी। उन्होंने कहा कि यह जीत बंगाल की जीत है। वह नंदीग्राम सीट से अपनी पराजय स्वीकार करते हुए कहा,‘‘ नंदीग्राम के बारे में चिंता मत करिए, मैंने नंदीग्राम के लिए आंदोलन किया था और अब वहां संघर्ष किया है। नंदीग्राम के लोगों ने जो जनादेश दिया है, उसे मैं स्वीकार करती हूं। तृणमूल कांग्रेस ने 221 से अधिक सीटें जीती हैं। भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का शपथ ग्रहण कार्यक्रम एक सादे समारोह में होगा।
 

वार्ता
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment