Neeraj Chopra की नजरें स्वर्ण पदक पर, पाक एथलीट से मिलेगी चुनौती

Last Updated 27 Aug 2023 06:52:08 AM IST

भारत के भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) रविवार को विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप (World Athletics Championships) के फाइनल में जब उतरेंगे तब उनकी कोशिश स्वर्ण पदक जीत कर इस टूर्नामेंट में अपना सर्वश्रेष्ठ करने के साथ भारत के निराशाजनक अभियान को सकारात्मक तरीके से खत्म करने की होगी।


नीरज चोपड़ा

पिछले सत्र के रजत पदक विजेता चोपड़ा ने क्वालीफिकेशन में 88.77 के प्रयास के साथ फाइनल और पेरिस ओलंपिक का टिकट पक्का किया। यह मौजूदा सत्र का उनका सर्वश्रेष्ठ और करियर का चौथा सर्वश्रेष्ठ थ्रो था। दो अन्य भारतीय भी इसमें उतरेंगे।

इस 25 वर्षीय खिलाड़ी ने पिछले साल डायमंड लीग चैंपियन बनने के अलावा ओलंपिक (2021 में तोक्यो), एशियाई खेल (2018) और राष्ट्रमंडल खेल (2018) में स्वर्ण पदक जीते हैं। चोपड़ा अपने पहले प्रयास में बड़ा थ्रो फेंकना पसंद करते हैं और क्वालीफिकेशन के बाद अब रविवार को फाइनल में भी उनसे ऐसी ही उम्मीद है।  चोपड़ा ने बीते साल अमेरिका में हुए इसके पिछले सत्र के क्वालिफिकेशन राउंड में 88.39 मीटर की दूसरी हासिल की थी। वह हालांकि फाइनल में 89.91 मीटर के प्रयास के साथ ग्रेनाडा के चैंपियन एंडरसन पीटर्स के बाद दूसरे स्थान पर रहे थे।

चोपड़ा ने मौजूदा सत्र में केवल दो शीर्ष प्रतियोगिताओं (दोहा और लुसाने डायमंड लीग मीटिंग) में भाग लिया है और दोनों में खिताब जीता है, लेकिन शुक्रवार को यहां उनके शीर्ष श्रेणी के थ्रो ने दिखाया कि वह शानदार फॉर्म और लय में हैं, और पहली बार विश्व चैंपियनशिप का पीला तमगा हासिल करने के लिए अच्छी स्थिति में है। फाइनल में गत चैंपियन पीटर्स की अनुपस्थिति भी चोपड़ा का काम थोड़ा आसान होगा। पीटर्स पिछले कुछ समय से संघर्ष कर रहे है और क्वालीफिकेशन में 80 मीटर की दूरी भी तय नहीं कर सके। चोपड़ा को ऐसे में चेक गणराज्य के जैकब वाडलेच और जर्मनी के जूलियन वेबर के साथ पाकिस्तान के नदीम से कड़ी चुनौती मिलेगी। बत्तीस साल के वडलेज ने टोक्यो ओलंपिक और 2022 विश्व चैंपियनशिप में रजत और कांस्य जीता था। उन्होंने इस सत्र में 89.51 का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। 

चोपड़ा ने हालांकि दोहा और लुसाने डायमंड लीग में वाडलेच और वेबर दोनों को हराया है। इस प्रतियोगिता में पाकिस्तान के अरशद नदीम भी स्वर्ण के दावेदार बन कर उभरे है। नदीम पे पिछले साल बर्मिघम में राष्ट्रमंडल खेलों में 90 मीटर से अधिक थ्रो के साथ पीटर्स को हराकर स्वर्ण पदक जीता था। यहां क्वालीफिकेशन में वह 86.79 मीटर के सर्वश्रेष्ठ के साथ चोपड़ा के बाद दूसरे स्थान थे। पाकिस्तान का यह 26 साल का खिलाड़ी चोट से वापसी कर रहा लेकिन वह भाला को 90 मीटर तक पहुंचने की दौड़ में चोपड़ा से आगे है। चोपड़ा ने अभी तक 90 मीटर की दूरी हासिल करने में सफल नहीं रहे है।

भारतीय ओलंपिक चैंपियन ने हालांकि 2016 के दक्षिण एशियाई खेलों से शुरू होने वाली सभी स्पर्धाओं में पाकिस्तान के इस खिलाड़ी को पछाड़ा है। इस बीच वेनेज्वेला की त्रिकूद खिलाड़ी यूलिमर रोजस ने यहां महिला त्रिकूद स्पर्धा में शुक्रवार को अपने छठे और अंतिम प्रयास में 15.08 मीटर (49 फुट, 5 3/4 इंच) की कूद लगाकर लगातार चौथा विश्व खिताब जीत लिया। जबकि इथियोपिया की अमाने बेरिशो शानकुले ने महिलाओं की मैराथन दौड़ जीत ली।

परिणाम :

मैराथन महिला : 1 अमाने बेरिसो शानकुले (इथियोपिया), 2 गोटीटोम गेब्रेसलासे (इथियोपिया), 3 फातिमा इजाहरा (मोरोक्को)।
त्रिकूद महिला : 1 युलिमर रोजास (वेनेज्वेला), 2 मारियाना बेखरोमानचुक (यूक्रेन), 3 लेनासिस पेरेज हर्नाडेज (क्यूबा)।
जेवनिल थ्रो महिला : 1 किटागुची हरूका (जापान), 2 फ्लोर डेनिस लुइज हुरटाडो (कोलंबिया)।
200 मीटर दौड़ महिला : 1 शेरिका जैकसन (जमैका), 2 गेब्रियला थॉमस (अमेरिका), 3 शा कैरी र्रिचडसन (अमेरिका)।
200 मीटर दौड़ पुरुष : 1 नोह लाइल्स (अमेरिका), 2 इरियोन नाइटन (अमेरिका), 3 लेतसिले टेबोगो (बोत्सवाना)।

भाषा
बुडापेस्ट


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment