कमलनाथ सर्वमान्य नेता, दिग्विजय मार्गदर्शक: प्रियव्रत
मध्य प्रदेश के वन मंत्री उमंग सिंघार की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर लगाए गए आरोपों के बीच राज्य के ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह ने आज कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री कमलनाथ सर्वमान्य नेता हैं, तो वहीं दिग्विजय सिंह जैसे तमाम नेता मार्गदर्शक हैं।
![]() मुख्यमंत्री कमलनाथ (फाइल फोटो) |
सिंह ने आज यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि कमलनाथ सर्वमान्य नेता हैं। उन्हीं के नेतृत्व में प्रदेश सरकार चल रही है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और उनके जैसे तमाम कांग्रेस नेताओं की पार्टी को जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे मार्गदर्शक नेताओं के मार्गदर्शन से पार्टी मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि उन्हें भी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के पत्र मिले हैं और उन्होंने उसके जवाब भी बना लिये हैं।
मंत्री सिंह ने कहा कि मनमुटाव हर पार्टी में होता है। कांग्रेस के अलावा भारतीय जनता पार्टी में भी ऐसे मामले देखने को मिलते हैं।
ऊर्जा मंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा के 15 साल के राज में प्रदेश में बिजली कंपनियां चौपट हो गईं। कंपनियों को 24 हजार करोड़ रुपए का घाटा उठाना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बिजली की स्थिति को सुधारने का प्रयास कर रही है।
| Tweet![]() |