झारखंड के पूर्व CM चंपई सोरेन को मिली अस्पताल से छुट्टी, PM मोदी ने फोन कर जाना हाल

Last Updated 07 Oct 2024 04:21:16 PM IST

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को फोन कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।


हाल में, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) को छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए सोरेन को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।

सोरेन को रक्त शर्करा संबंधी समस्याएं आने के बाद शनिवार रात जमशेदपुर के टाटा मेन अस्पताल में भर्ती कराया गया।



पूर्व मुख्यमंत्री के एक करीबी सहयोगी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुबह चंपई सोरेन जी को फोन कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।’’

सोरेन को रक्त शर्करा के स्तर में गिरावट आने के चलते चक्कर आने के बाद, शनिवार रात करीब नौ बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

फोन करने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए चंपई सोरेन ने कहा कि वह काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं और जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।

इस बीच, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झामुमो नेताओं ने भी पूर्व मुख्यमंत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मरांग बुरु (आदिवासियों के सर्वोच्च देवता) से चंपई दा को जल्द स्वास्थ्य लाभ देने की प्रार्थना करता हूं।

साथ ही, उनके दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।

झामुमो ने कहा, ‘‘मरांग बुरु से प्रार्थना है कि आप पुनः स्वस्थ होकर मैदान में आइए और दादा (चंपई) किसी भी बात की चिंता, परेशानी को ख़ुद पर हावी नहीं होने दीजिए। कई बार हम किसी बात को लेकर मन में इतना बोझ ले लेते है जिसका दुष्प्रभाव हमारे स्वास्थ पर पड़ता है।’’

अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री सोरेन की हालत स्थिर है और उसमें सुधार हो रहा है।

चंपई सोरेन (67) झामुमो में ‘‘अनादर’’ और ‘‘अपमान’’ होने का आरोप लगाते हुए, अगस्त में भाजपा में शामिल हो गए थे।

हेमंत सोरेन के इस्तीफे और धन शोधन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा उनकी गिरफ्तारी के बाद, चंपई सोरेन को दो फरवरी को प्रदेश का मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया था।

चंपई सोरेन ने तीन जुलाई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और इसके साथ ही, हेमंत सोरेन की मुख्यमंत्री पद पर वापसी का रास्ता साफ हो गया था, जिन्हें अदालत से जमानत मिल गई थी।

भाषा
रांची


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment