कांग्रेस के लिए OROP का मतलब ‘ओनली राहुल, ओनली प्रियंका’ : शाह

Last Updated 29 Jan 2019 07:12:23 AM IST

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पूर्व सैनिकों के लिए ‘वन रैंक वन पेंशन’ योजना का संदर्भ देते हुए कटाक्ष किया कि कांग्रेस के लिए ‘ओआरओपी’ का मतलब ‘ओनली राहुल, ओनली प्रियंका’ है।


भाजपा अध्यक्ष अमित शाह (file photo)

हमीरपुर में भाजपा पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने इस तरह की टिप्पणी की। हमीरपुर जिला और पास के अन्य क्षेत्रों की बड़ी आबादी सेना में काम करती है। भाजपा अध्यक्ष ने यह टिप्पणी ऐसे समय की है, जब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका गांधी को पार्टी में पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभार सौंपा है।

2014 के लोकसभा चुनावों के दौरान राज्य में सभी चार सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों को विजयी बनाने के लिए हिमाचल प्रदेश के मतदाताओं का आभार जताते हुए शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने सच्ची भावना से पूर्व सैनिकों के लिए ओआरओपी को लागू किया।

उन्होंने कहा कि 70 साल तक किसी ने भी सैनिकों की परवाह नहीं की, जब मोदी सरकार सत्ता में आई तो उसने ओआरओपी लागू किया। आगामी लोकसभा चुनावों के पहले भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, ‘‘देश एक मजबूत सरकार चाहता है, मजबूर सरकार नहीं।’’ देश ऐसी सरकार चाहता है, जो अपने सैनिकों की हत्या के लिए पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे।

भाजपा ने गरीबी उन्मूलन के लिए उठाया कदम : भाजपा अध्यक्ष शाह ने कहा, ‘‘अपने भाषणों में कांग्रेस अध्यक्ष आजकल गरीबी का मुद्दा उठा रहे हैं। मैं राहुल बाबा से बस इतना पूछना चाहता हूं कि गरीबी उन्मूलन के लिए कांग्रेस सरकारों ने दशकों तक क्या किया? यह भाजपा की सरकार है, जो इसे खत्म करने के लिए कदम उठा रही है।’’

शाह ने कहा कि वे तो देश में प्रत्येक परिवार को गैस सिलिंडर भी नहीं दे पाए। हिमाचल प्रदेश की चर्चा करते हुए वहां के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और उनके परिवार के सदस्यों का नाम लिए बिना शाह ने कहा, ‘‘राज्य में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के पांच साल के कार्यकाल में राजा, रानी और राजकुमार को छोड़कर किसी को महत्व नहीं दिया गया।’’

सहारा न्यूज ब्यूरो
शिमला


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment