अजय जडेजा जामनगर राजघराने के उत्तराधिकारी घोषित

Last Updated 13 Oct 2024 07:08:55 AM IST

गुजरात में जामनगर के नाम से मशहूर तत्कालीन नवानगर रियासत के महाराजा ने शनिवार को दशहरे के अवसर पर अपने भतीजे और पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा (Ajay Jadeja) को अपना उत्तराधिकारी घोषित कर दिया है।


जडेजा (53) ने 1992 से 2000 के बीच भारत के लिए 196 वनडे और 15 टेस्ट मैच खेले। वह जामनगर राजघराने से ताल्लुक रखते हैं। 

जामनगर के महाराजा शत्रुशल्य सिंह जडेजा, (Shatrushaly Singh Jadeja) क्रिकेटर के पिता दौलत सिंह जडेजा के चचेरे भाई हैं।

दौलत सिंह जडेजा 1971 से 1984 तक जामनगर से तीन बार सांसद रहे।  शत्रुशल्य सिंह जडेजा ने एक बयान में घोषणा की, ‘आज दशहरे के दिन मैं खुश हूं, क्योंकि अजय जडेजा की बदौलत मेरी एक दुविधा का समाधान मिल गया है, जिन्होंने मेरा उत्तराधिकारी बनना स्वीकार किया है।’ 

उन्होंने कहा, ‘अजय जडेजा द्वारा जामनगर के लोगों की सेवा की जिम्मेदारी लेना वास्तव में यहां के लोगों के लिए एक वरदान है। मैं उनके प्रति अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करता हूं।’ 

महाराजा शत्रुशल्य सिंह भी एक क्रिकेटर थे, जिन्होंने 1966-67 में रणजी ट्रॉफी में सौराष्ट्र की कप्तानी की थी और सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के प्रमुख के रूप में कार्य किया था।

अपने पिता की मृत्यु के बाद 3 फरवरी 1966 को उन्हें नवानगर का मुखिया बनाया गया और उनकी शादी नेपाल के शाही परिवार की सदस्य से हुई, जिनसे बाद में उन्होंने तलाक ले लिया। यह परिवार महान क्रिकेटर रणत सिंह जडेजा के वंशज हैं, जिन्होंने 1907 से 1933 तक नवानगर पर शासन किया था।

भाषा
जामनगर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment