Maharashtra Elections : BJP ने 22, कांग्रेस ने 23 उम्मीदवार किए घोषित

Last Updated 27 Oct 2024 07:52:38 AM IST

भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 22 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। आज दो विधायकों के टिकट काटे गये हैं। पार्टी अब तक 121 उम्मीदवार घोषित कर कर चुकी है।


भाजपा का शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के साथ महायुति गठबंधन है। तीनों के बीच टिकट बंटवारें  पर अंतिम सहमति नहीं बनी है, लेकिन तीनों अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर रहे हैं।

दूसरी सूची के अनुसार पार्टी ने वाशिम और गढ़चिरौली के मौजूदा विधायकों को टिकट नहीं दिया है जबकि अकोट, नासिक सेंट्रल, पेन, खड़कवासला, पुणे छावनी और उल्हासनगर के छह मौजूदा विधानसभा सदस्यों को इस बार भी उम्मीदवार बनाया गया है। 

विधान परिषद के दो सदस्यों गोपीचंद पाडलकर और रमेश कराड को भी टिकट दिया गया है। पाडलकर को जाट जबकि कराड को लातूर ग्रामीण से टिकट दिया गया है।

वहीं, कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को 23 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की, जिसमें जालना से मौजूदा विधायक कैलाश गोरंट्याल और पार्टी नेता सुनील केदार की पत्नी अनुजा के नाम प्रमुख हैं। कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में 48 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। इस सूची के साथ कांग्रेस अब तक 71 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।

पार्टी ने वरिष्ठ नेता सुनील केदार की पत्नी अनुजा को मैदान में उतारा है। केदार को नागपुर जिला केंद्रीय सहकारी बैंक घोटाले में दोषी ठहराए जाने के बाद छह साल के लिए चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित कर दिया गया है। वह नागपुर जिले की सावनेर सीट से चुनाव लड़ेंगी।

विपक्षी दल ने जालना से विधायक कैलाश गोरंट्याल को बरकरार रखा है। पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची में 25 मौजूदा विधायकों को बरकरार रखा था। पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष वसंत पुरके को रालेगांव (यवतमाल) से फिर से मैदान में उतारा गया है।

मुंबई में पार्टी ने कांदिवली पूर्व सीट से कालू बधेलिया, सायन कोलीवाड़ा से गणोश यादव और चारकोप से यशवंत सिंह की उम्मीदवारी की घोषणा की है।

कैम्पटी (नागपुर) में सुरेश भोयर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले से मुकाबला करेंगे, जबकि वर्धा में पार्टी ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दिवंगत प्रमोद शेंडे के बेटे शेखर शेंडे को मैदान में उतारा है। वसई से विजय गोविंद पाटिल और श्रीरामपुर से हेमंत ओगले को उम्मीदवार बनाया गया है।

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के एक दिन बाद उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की गई। कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला ने सीईसी की बैठक के बाद शुक्रवार को कहा था कि महाराष्ट्र में महा विकास आघाडी एकजुट है और सीटों के तालमेल को शनिवार शाम तक अंतिम रूप दे दिया जाएगा।  

समय डिजिटल डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment