Haryana Assembly Polls 2024: हरियाणा में कल 90 सीटों पर होगा मतदान, रवाना हुई पोलिंग पार्टियां; 8 अक्टूबर को नतीजे

Last Updated 04 Oct 2024 04:21:00 PM IST

Haryana Assembly Elections 2024: हरियाणा विधानसभा चुनावों के तहत कल यानि 5 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए चुनाव आयोग ने राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।


इस सिलसिले में आज शु्क्रवार को राज्य भर में पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना रवाना हो गई है। रवाना होने से पहले पोलिंग पार्टियों ने सामग्री की जांच की और इसके बाद पुलिस सुरक्षा के बीच रवाना हुई है, जिनमें मतदान अधिकारी, सहायक कर्मचारी और सुरक्षा बल भी शामिल हैं।

 

बता दें कि हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों पर मतदान 5 अक्टूबर यानि कल शनिवार सुबह 7 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। वहीं वोटों की गिनती 8 अक्टूबर, मंगलवार को होनी है।

चुनाव आयोग ने राज्य में मतदान के लिए कुल 20 हजार 629 मतदान केंद्र बनाए हैं। इनमें से 2,700 से अधिक केंद्रों को 'संवेदनशील' श्रेणी में रखा गया है और 300 से अधिक मतदान केंद्र 'अति संवेदनशील' श्रेणी में हैं।

इसमें 2.03 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1.07 करोड़ पुरूष, 95.77 लाख महिलाएं और 467 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं।

मुख्य राजनीतिक दलों की बात करें तो बीजेपी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (AAP), बहुजन समाज पार्टी (BSP) के साथ गठबंधन में भारतीय राष्ट्रीय लोक दल (INLD) और आजाद समाज पार्टी के साथ जननायक जनता पार्टी (JJP) शामिल हैं।

इस चुनाव में 1031 प्रत्याशी मैदान में हैं जिनमें 101 महिलाएं हैं। मुख्य चेहरों में सीएम नायब सिंह सैनी (लाडवा), भूपेंद्र सिंह हुड्डा (गढ़ी सांपला-किलोई), अभय  सिंह चौटाला (एलनाबाद), दुष्यंत चौटाला (उचाना), अनिल विज (अंबाला कैट), ओपी धनखड़ (बादला), अनुराग ढंढा (कलायात) और विनेश फोगाट (जुलाना) हैं।

गौरतलब है कि 2019 के चुनाव में बीजेपी 40 सीटें जीती थीं जबकि कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी और उसे 31 सीटें मिली थीं।

हरियाणा प्रशासन ने कल होने वाले चुनाव के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जगह-जगह नाकाबंदी की जाएगी। पुलिस टीम जगह-जगह तैनात होगी। पोलिंग बूथ पर ड्रोन से नजर रखी जाएगी। कुल मिलाकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चुनाव होंगे। पुलिस महानिदेशक के मुताबिक, अर्धसैनिक बलों की 49 कंपनियों समेत हिसार मंडल में 68 निरीक्षक 549 एनजीओ समेत 6587 पुलिस कर्मचारी सुरक्षा ड्यूटी में तैनात रहेंगे।

हरियाणा में कुल 1,031 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं जिनमें 930 पुरुष और 101 महिलाएं हैं। राज्य में दो करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं।

अधिकारियों के अनुसार, चुनाव के लिए राज्य में 20,629 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

उम्मीदवारों ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन उम्मीदवारों का पार्टी और बूथ कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा।

विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान बृहस्पतिवार की शाम को समाप्त हो गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जहां सत्ता विरोधी लहर से पार पाने की उम्मीद कर रही है, तो वहीं कांग्रेस एक दशक के लंबे अंतराल के बाद वापसी की उम्मीद में सत्ता हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है।

निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीट के लिए मतदान पांच अक्टूबर को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा। उन्होंने कहा कि राज्य में निष्पक्ष एवं स्वतंत्र चुनाव के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रोहतक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।

उनके एक सहयोगी ने बताया कि विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुनाव प्रचार के व्यस्त कार्यक्रम के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने अपने आवास पर पार्टी और बूथ कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।

हुड्डा गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

पूर्व गृह मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल विज आज अंबाला में पार्टी कार्यालय में थे और उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उनके करीबी सहयोगी ने यह जानकारी दी।

ऐलनाबाद सीट से चुनाव लड़ रहे इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के नेता अभय सिंह चौटाला ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।

इस बीच, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को अपनी पत्नी के साथ पंचकूला में मनसा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की और हवन-यज्ञ किया। उन्होंने नवरात्रि पर्व के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं भी दीं।

सैनी ने मतदाताओं से मतदाताओं से अपील की कि वे लोकतंत्र को मजबूत करने के वास्ते 100 प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए पांच अक्टूबर को अपने अपने घरों से बाहर निकलें और वोट डालें।

लाडवा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा भारी बहुमत के साथ तीसरी बार राज्य में सरकार बनाएगी।


 

समय लाइव डेस्क/भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment