दिल्ली में MCD के हजारों दैनिक वेतनभोगी और अनुबंधित कर्मचारी होंगे पक्के
दिल्ली नगर निगम के हजारों दैनिक वेतनभोगी और अनुबंधित कर्मचारियों को पक्का करने का रास्ता साफ हो गया है। निगमायुक्त अश्विनी कुमार के वर्ष 2024-25 के संशोधित और वर्ष 2025-26 के प्रस्तावित 17 हजार करोड़ के बजट अनुमानों में फेरबदल कर सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ने कर्मचारियों के वेतन के लिए करीब 800 करोड़ का वित्तीय इंतजाम किया है।
![]() आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल |
सदन के नेता मुकेश गोयल ने निगमायुक्त अश्विनी कुमार के बजट प्रस्तावों को बुधवार को अंतिम रूप देते हुए मेयर महेश कुमार के विवेकानुसार बजट से पूर्व में की गई एक हजार करोड़ की राशि में से 800 करोड़ रुपए को अन्य मदों में हस्तांतरित कर दैनिक वेतनभोगी व अनुबंधित कर्मचारियों को नियमित करने की व्यवस्था की है। पाषर्दों का भी बजट बढ़ाया गया है। आगामी वर्ष से पाषर्दों को विकास कार्य के लिए 75 लाख की जगह 1.5 करोड़ रुपए का बजट मिल सकेगा।
मुकेश गोयल ने राजधानी की सड़कों के रखरखाव मद में 200 करोड़ की कटौती कर पार्षद निधि फंड को बढ़ाया गया है।
हालांकि पाषर्दों के इलाके में प्रमुख सड़कों के रखरखाव में कमी आएगी। सत्तापक्ष ने विपक्ष के सुझाए प्रस्तावों को भी प्राथमिकता दी है। महिला शौचालयों के रखरखाव पर खर्च होने वाले व्यय को बढ़ाया है। अब 25 लाख रुपए की इस मद में वृद्धि की गई है।
इसके अलावा ट्यूबवैलों के रखरखाव एवं मरम्मत कार्य मद में भी 50 लाख रुपए की वृद्धि की गई है। स्ट्रीट लाइट के लिए एक करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि की व्यवस्था की गई है।
साफ सफाई मद में तीन लाख की कटौती
साफ सफाई मद में भी सदन नेता ने कटौती की है। एमसीडी के इस मद से तीन लाख की कटौती कर सदन नेता, 2.5 लाख नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस दल नेता को 50 हजार रुपए ऑफिस खर्च के लिए दिए गए हैं।
कर्मचारियों को मिलेगा रिटायरमेंट पर लाभ
दिल्ली नगर निगम के सेवानिवृत्त हो चुके कर्मचारियों को अब रिटायरमेंट पर भी टर्मिंनल बेनिफिट्स दिए जा सकेंगे। इसके लिए एमसीडी ने इस मद में पांच करोड़ रुपए बढ़ाए हैं।
छठ पूजा के लिए बजट में 50 लाख
पूर्वाचलियों के छठ पर्व को लेकर भी वित्तीय प्रबंध किया है। नेता प्रतिपक्ष के प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए निगम ने लगभग 50 लाख रुपए की व्यवस्था की है। पाषर्दों को अब छठ पर्व के लिए पहले से मिल रहे फंड में वृद्धि हुई है।
| Tweet![]() |