Assembly Bypolls Results: सात राज्यों की 13 विधानसभा सीटों के उपचुनाव में इंडी गठबंधन का डंका NDA को झटका

Last Updated 14 Jul 2024 07:02:10 AM IST

Assembly Bypolls Results: देश के सात राज्यों की 13 विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के शनिवार को आए नतीजों में ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों ने 10 सीट और भाजपा ने दो सीट पर जीत दर्ज की जबकि एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार की जीत हुई।


चमोली : उत्तराखंड में हुए उपचुनाव के दौरान पार्टी की जीत का जश्न मनाते कांग्रेस कार्यकर्ता।

विधानसभा उपचुनाव के लिए बुधवार को पश्चिम बंगाल की चार, हिमाचल प्रदेश की तीन, उत्तराखंड की दो, पंजाब, मध्य प्रदेश, बिहार और तमिलनाडु की एक-एक सीट पर मतदान हुआ था। ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल कांग्रेस, ‘आप’, टीएमसी और द्रमुक ने उपचुनाव में अपने उम्मीदवार उतारे थे।

पंजाब : निर्वाचन आयोग के अनुसार, पंजाब में सत्तारूढ़ ‘आप’ के मोहिंदर भगत ने जालंधर पश्चिम सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भाजपा उम्मीदवार शीतल अंगुरल को 37,325 मतों के अंतर से हराया।

हिमाचल प्रदेश : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी एवं कांग्रेस उम्मीदवार कमलेश ठाकुर ने देहरा विधानसभा सीट पर भाजपा के होशियार सिंह को हराया। नालागढ़ में कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा ने भाजपा के केएल ठाकुर को हराया। भाजपा ने हमीरपुर सीट जीती है। भाजपा उम्मीदवार आशीष शर्मा ने कांग्रेस के पुष्पिंदर वर्मा को हराया।

उत्तराखंड : उत्तराखंड में कांग्रेस के लखपत सिंह बुटोला ने बदरीनाथ विधानसभा सीट से भाजपा के राजेंद्र सिंह भंडारी को हराया। मंगलौर सीट से कांग्रेस के काजी निजामुद्दीन ने भाजपा के करतार सिंह भड़ाना को मात दी।

मध्य प्रदेश : मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा सीट पर भाजपा के कमलेश प्रताप शाह ने कांग्रेस के धीरन शाह इनवती को हराया जबकि बिहार की रूपौली सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार शंकर सिंह ने जद (यू) के कलाधर प्रसाद मंडल को हराया।

पश्चिम बंगाल : टीएमसी के उम्मीदवारों कृष्णा कल्याणी, मधुपर्णा ठाकुर, मुकुट मणि अधिकारी और सुप्ति पांडे ने क्रमश: रायगंज, बागदा, राणाघाट दक्षिण और मानिकतला सीट पर जीत हासिल की।

तमिलनाडु : तमिलनाडु में द्रमुक के अन्नियूर शिवा ने विक्रवांडी विधानसभा सीट पर पीएमके के अंबुमणि सी को 67,757 वोटों से पराजित किया।

कहां से कौन पार्टी जीती

1. देहरा (हिमाचल प्रदेश) से कांग्रेस, 2. नालागढ़(हिमाचल प्रदेश) में कांग्रेस, 3. बदरीनाथ (उत्तराखंड) से कांग्रेस, 4. मंगलौर (उत्तराखंड) से कांग्रेस, 5. रायगंज (प. बंगाल) से टीएमसी, 6. बागदा(प. बंगाल) से टीएमसी, 7. राणाघाट दक्षिण(प. बंगाल) से टीएमसी, 8. मानिकतला (प. बंगाल) से टीएमसी,  9. जालंधर पश्चिम (पंजाब) में सत्तारूढ़ ‘आप’, 10. विक्रवांडी (तमिलनाडु) से द्रमुक, 11. हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश) से भाजपा, 12. अमरवाड़ा(मध्य प्रदेश) से भाजपा, 13. रूपौली(बिहार) से निर्दलीय

भाजपा के अहंकार को लोगों ने नकारा : खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को दावा किया कि विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा उपचुनावों में लोगों ने भाजपा के अहंकार, कुशासन और नकारात्मक राजनीति को सिरे से नकार दिया है तथा ये नतीजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की गिरती राजनीतिक साख का भी प्रमाण हैं। खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, विधानसभा उपचुनाव के सकारात्मक परिणाम के लिए हम जनता के सामने नतमस्तक है।

समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment