भगोड़ों को वापस लाकर रहेंगे

Last Updated 04 Jun 2021 09:44:53 AM IST

विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत अपने इस संकल्प पर कायम है कि भगोड़ों को देश वापस लाया जाए और धोखाधड़ी के मामले में वांछित मेहुल चोकसी को वापस लाने के लिए सारी कोशिशें जारी रखी जाएंगी।


विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने डिजिटल माध्यम से साप्ताहिक प्रेस वार्ता में कहा, चोकसी अभी डोमिनिका में हिरासत में है जहां कुछ कानूनी प्रक्रियाएं चल रही हैं।

हम सारी कोशिशें जारी रखेंगे ताकि चोकसी को भारत वापस लाया जाए। चोकसी हाल ही में एंटीगुआ एवं बारबूडा से फरार हो गया था और उसे कैरिबियाई द्वीपीय देश में कथित तौर पर अवैध रूप से प्रवेश करने के लिए 23 मई को गिरफ्तार कर लिया गया था। उसके खिलाफ डोमिनिका में कानूनी प्रक्रिया चल रही है। चोकसी पीएनबी में 13,500 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले में वांछित है।

डोमिनिका के एक मजिस्ट्रेट ने भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को जमानत देने से इनकार कर दिया। स्थानीय मीडिया में यह जानकारी दी गई है।

चोकसी की बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर सुनवाई कर रहे डोमिनिका उच्च न्यायालय ने अवैध प्रवेश के आरोपों का सामना करने के लिए उसे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने का आदेश दिया।

एसएनबी
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment