बदायूं गैंगरेप: राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य पर भड़कीं प्रियंका गांधी, बताया शर्मनाक बयान

Last Updated 08 Jan 2021 02:02:37 PM IST

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने राज्य के बदायूं में सामूहिक दुष्कर्म की घटना पर राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य के बयान को शर्मनाक बताया है।


महिला आयोग की सदस्य के बयान पर भड़कीं प्रियंका (फाइल फोटो)

प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि ऐसी सोच मे महिलाओं सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जा सकती है।

वाड्रा ने फेसबुक पोस्ट पर कहा क्या इस व्यवहार से हम महिला सुरक्षा सुनिश्चित कर पाएंगे। महिला आयोग की सदस्य बलात्कार के लिए पीड़िता को दोषी ठहरा रही हैं। बदायूं प्रशासन को ये चिंता है कि इस केस का सच सामने लाने वाली पीड़िता की पोस्टमार्टम लीक कैसे हुई।

उन्होंने कहा याद रखिए कि इस समय एक और भयावह बलात्कार के मामले में मुरादाबाद की पीड़िता मौत से जंग लड़ रही है। महिलाएं इस प्रशासनिक प्रणाली को व इस बदजुबानी को माफ नहीं करेंगी।

इसके साथ ही उन्होंने एक खबर पोस्ट की है जिसमें कहा गया है कि राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य चंद्रमुखी देवी ने गुरुवार को पीड़ित परिवार से मिलने के बाद कहा कि पीड़िता शाम के वक्त बाहर नहीं जाती तो सामूहिक दुष्कर्म नहीं होता।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य चंद्रमुखी देवी ने गुरुवार को बदायूं में पीड़ित परिवार के घर का दौरा किया था और पुलिस अधिकारियों से जानकारी हासिल की थी। बाद में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होने कहा था कि यदि शाम के समय महिला मंदिर जाते समय परिवार के किसी सदस्य को साथ ले जाती तो इस जघन्य वारदात को टाला जा सकता था। हालांकि उन्होने कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिये। उन्होंने कहा था कि मामले में पुलिस की लापरवाही उजागर हुयी है। अगर पुलिस सक्रिय होती तो यह घटना नहीं हो सकती थी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार शाम हुयी इस घटना की जांच एसआईटी से कराने के निर्देश दिये हैं। इस मामले में मुख्य आरोपी समेत सभी तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में संबधित क्षेत्र के थानाध्यक्ष को निलंबित किया गया है।

वार्ता
लखनऊ/नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment