राहुल का देशवासियों से किसानों के संघर्ष से जुड़ने का आग्रह

Last Updated 08 Jan 2021 01:04:56 PM IST

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि देश का किसान कृषि विरोधी कानूनों को वापस करने के लिए आंदोलन कर रहा है इसलिए हर नागरिक को उनके संघर्ष से जुड़कर उनका साथ देना चाहिए।


राहुल गांधी(फाइल फोटो)

गांधी ने शुक्रवार को कहा कि देश भर के किसान दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन कर रहे किसानों का समर्थन कर रहा है इसलिए सभी को मिलकर उनके इस संघर्ष को आगे बढ़ाने में उनका साथ देना चाहिए और उनकी आवाज बुलंद करनी चाहिए।

उन्होंने कहा, शांतिपूर्ण आंदोलन लोकतात्र का एक अभिन्न हिस्सा होता है। हमारे किसान बहन-भाई जो आंदोलन कर रहे हैं, उसे देश भर से समर्थन मिल रहा है। आप भी उनके समर्थन में अपनी आवा जोड़कर इस संघर्ष को बुलंद कीजिए ताकि कृषि-विरोधी क़ानून खत्म हों। किसान के लिए बोले भारत।

नये कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग पर अड़े किसान संगठनों के नेता शुक्रवार को फिर अपनी मांगों को लेकर विज्ञान भवन में केंद्रीय मंत्रियों से बात करेंगे।

किसान संगठन तीनों कृषि कानूनों को निरस्त करने और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर फसलों की खरीद की कानूनी गारंटी की मांग कर रहे हैं जबकि सरकार नये कानूनों में संशोधन करने और एमएसपी पर खरीद जारी रखने का लिखित आश्वासन देने को तैयार है।

केंद्र सरकार द्वारा लागू कृषक उपज व्यापार और वाणिज्य (संवर्धन और सुविधा) कानून 2020, कृषक (सशक्तीकरण एवं संरक्षण) कीमत आश्वासन और कृषि सेवा करार कानून 2020 और आवश्यक वस्तु (संशोधन) कानून 2020 को वापस लेने और न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीद की कानूनी गारंटी देने की मांग को लेकर किसान 26 नवंबर 2020 से दिल्ली की सीमाओं पर डेरा डाले हुए हैं।

वार्ता
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment