हमेशा याद रहेंगे बिशन बेदी

Last Updated 25 Oct 2023 01:57:51 PM IST

भारतीय स्पिन चौकड़ी के प्रमुख हिस्सा रहे बिशन सिंह बेदी लंबी बीमारी के बाद हमारे बीच नहीं रहे। वह करीब दो साल पहले पड़े दिल के दौरे और हाल में घुटने के ऑपरेशन के बाद क्रिकेट जगत से दूर हो गए थे।


हमेशा याद रहेंगे बिशन बेदी

बेदी जितनी अपनी स्पिन कला के लिए जाने जाते थे, उतने ही साफ बात कहने के लिए भी विख्यात थे। उन्होंने भारत के लिए 67 टेस्ट खेलकर 266 विकेट लिए थे। विकेट लेने के दौरान खास बात उनका बेहद किफायती होना था। टेस्ट कॅरियर में उनकी इकॉनमी रेट 2.14 हुआ करती थी। उनके खेलने के दिनों में वनडे क्रिकेट बहुत लोकप्रिय नहीं था पर उन्हें 10 वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का अनुभव हासिल था। वह वनडे मैचों में सात विकेट अपने नाम करने में सफल रहे।

वनडे में भारत को पहली जीत दिलाने वाली टीम का भी वह हिस्सा रहे। भारत ने यह जीत 1975 के विश्व कप में पूर्वी अफ्रीका के खिलाफ हासिल की थी। बेदी की चौकड़ी का 1960 के दशक में डंका बजता था। इसके तीन अन्य सदस्य ई. प्रसन्ना, भगवत चंद्रशेखर और वेंकट राघवन थे। इस चौकड़ी ने साथ में 98 टेस्ट खेले और 853 विकेट निकाले। इन स्पिनरों की खूबी घर की तरह ही विदेश में विकेट निकालना था।

बेदी के परफेक्शन का कोई जवाब नहीं था। वह बेजान विकेट पर भी सफलता पाने में सफल रहते थे। उन्हें आर्म बॉल का विशेषज्ञ माना जाता था। वह गति और फ्लाइट में बदलाव से प्रभाव छोड़ने में सफल हो ही जाते थे। बेदी साहब को उनकी साफगोई के लिए भी हमेशा याद रखा जाएगा। एक बार की घटना है कि उन्हें अजरुन अवार्ड के लिए बनी चयन समिति में शामिल किया गया। इसी साल राजीव गांधी खेल रत्न अवार्ड की भी शुरुआत हो रही थी। लेकिन उन्होंने खेलों के इस सबसे बड़े अवार्ड को राजीव गांधी के नाम पर रखने पर एतराज जता दिया।

उनका कहना था कि राजीव गांधी बहुत अच्छे पायलट हो सकते हैं और अच्छे राजनेता भी। पर उनका खेलों में कोई योगदान नहीं होने पर उनके नाम पर अवार्ड रखना सही नहीं है। इस कारण उन्हें चयन समिति से हटा दिया गया। इसी तरह जब फिरोजशाह कोटला स्टेडियम का नाम डीडीसीए के अध्यक्ष रहे अरुण जेटली के नाम पर रखा गया, तब भी उन्होंने एतराज जताया था। बेदी साहब को भारतीय टीम का मैनेजर भी बनने का मौका मिला था। पर वह अपने सख्त रुख की वजह से विवादों में आ गए थे। पर इन कारणों से उनकी लोकप्रियता में कमी कभी नहीं आई।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment