जोखिम भरा प्रयोग

Last Updated 27 Sep 2023 01:41:12 PM IST

मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 39 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इनमें तीन केंद्रीय मंत्री और चार सांसद भी शामिल हैं।


जोखिम भरा प्रयोग

इस घोषणा से टिकट की आस लगाए बैठे भाजपाइयों में असंतोष फैल गया है, और सतना में एक भाजपा नेता ने तो  निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने की घोषणा कर दी है। भाजपा पार्टी के रूप में जिस कदर अनुशासित है, और केंद्र के स्तर लिए जाने वाले फैसलों का विरोध करने वाले को कुछ ज्यादा हासिल नहीं हो पाता, इसलिए भाजपा निश्चिंत है असंतोष या बगावत से। भाजपा कॉडर आधारित पार्टी है, इसलिए उसके प्रतिबद्ध समर्थक हर हाल में उसके साथ जुड़े रहते हैं।

सोमवार को घोषित उम्मीदवारों की सूची में तीन केंद्रीय मंत्रियों-नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रह्लाद सिंह पटेल और फगन सिंह कुलस्ते के नाम शामिल हैं। चार सांसदों को चुनाव मैदान में उतारा गया है। बेशक, भाजपा जोखिम भरे फैसले ले लेती हो लेकिन इस प्रकार केंद्र में मंत्रियों और सांसदों को विधानसभा में उतारा जाना यह संकेत भी देता है कि पार्टी अपनी जीत को लेकर आस्त नहीं है। गुटबाजी को टालने की गरज से भी यह फैसला लिया गया हो सकता है।

क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए टिकट की आस लगाए नेताओं में असंतोष होना स्वाभाविक है। लेकिन मध्य प्रदेश में लंबे समय से भाजपा की सरकार होने से सत्ता-जनित आक्रोश से बचे रहने के लिए संभवत: यह फैसला लिया गया हो। पार्टी सत्ता में फिर से रिपीट करती है, तो मुख्यमंत्री भी बदल सकती है। केंद्रीय स्तर के नेताओं को टिकट देने से इस कयासबाजी के सच होने में शंका नहीं रह जाती।

साफ हो गया है कि हमेशा चुनावी मोड में रहने वाली भाजपा मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर शिवराज सिंह चौहान या किसी अन्य को प्रोजेक्ट करके चुनाव लड़ने नहीं जा रही। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चेहरे पर ही सत्ता का दावा ठोका जाएगा। चूंकि लोक सभा के चुनाव ज्यादा दूर नहीं हैं, इसलिए संसद के उपचुनाव कराने की नौबत भी नहीं आनी।

बेशक, यह भाजपा का फैसला है, लेकिन इससे उसका स्थानीय नेतृत्व निराश होगा और बे मन से चुनाव प्रचार में जुटा तो सत्ता-जनित आक्रोश कहीं पार्टी के लिए चुनावी समर को कठिन न बना दे। इस बात को अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए कि स्थानीय स्तर पर जनता और नेता का विग्रहकारी संयोजन नतीजों पर असरंदोज हुआ तो भाजपा के लिए स्थिति विकट होगी।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment