IPL 2025 : मुंबई इंडियंस ने दर्ज की सत्र की पहली जीत, कोलकाता नाइट राइडर्स को आठ विकेट से हराया

Last Updated 01 Apr 2025 08:09:49 AM IST

अपने पदार्पण मैच में चार विकेट लेने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अश्वनी कुमार और 41 गेंद में नाबाद 62 रन बनाने वाले रियान रिकेलटन की पारी के दम पर मुंबई इंडियंस ने मौजूदा चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स को सोमवार को आईपीएल के मैच में आठ विकेट से हरा दिया।


मुंबई : केकेआर के कप्तान अजिंक्या रहाणे को आउट करने पर खुशी मनाते मुंबई इंडियंस के गेंदबाज अश्वनी कुमार।

पंजाब के 23 वर्ष के अश्वनी ने आईपीएल में पहला मैच खेलते हुए 24 रन देकर चार विकेट लिए। 

मुंबई ने इस सत्र में पहली बार वानखेड़े स्टेडियम पर खेलते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स को 16.2 ओवर में 116 रन पर आउट कर दिया जो इस सत्र में उसका न्यूनतम स्कोर है। अश्वनी आईपीएल में पहले ही मैच में चार विकेट लेने वाले पहले भारतीय बन गए। 

जवाब में इस सत्र में मुंबई से जुड़े दक्षिण अफ्रीका के रिकेलटन ने 41 गेंद में चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 62 रन बनाकर मेजबान टीम को 12.5 ओवर में ही दो विकेट खोकर 121 रन तक पहुंचा दिया। 

यह इस सत्र में मुंबई की पहली जीत है जिसे पहले दो मैचों में पराजय का सामना करना पड़ा। सूर्यकुमार यादव नौ गेंद में तीन चौकों और दो छक्कों के साथ 27 रन बनाकर नाबाद रहे। 

रोहित शर्मा (13) और विल जैक्स (16 रन) आंद्रे रसेल का शिकार हुए। इस जीत के साथ पांच बार की चैंपियन मुंबई टीम सबसे निचले स्थान से तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई और उसका नेट रनरेट भी 0.309 हो गया। 

इससे पहले अश्वनी ने अजिंक्या रहाणे (11), रिंकू सिंह (17), मनीष पांडे (17) और आंद्रे रसेल (पांच) के विकेट चटकाए। दीपक चाहर ने 19 रन देकर दो विकेट लिए जबकि ट्रेंट बोल्ट को एक विकेट मिला। केकेआर की शुरुआत बहुत खराब रही जब सलामी बल्लेबाज क्विंटोन डिकॉक (एक) और सुनील नरेन (शून्य) पहले दो ओवर में आउट हो गए। पावरप्ले के आखिर में केकेआर का स्कोर चार विकेट पर 41 रन था। 

वानखेड़े स्टेडियम की उछाल और स्विंग लेती पिच पर मुंबई के नयी गेंद के गेंदबाजों ने केकेआर के बल्लेबाजों की गलतियों का पूरा फायदा उठाया। बोल्ट ने नरेन को पहले ही ओवर में फुल लेंग्थ गेंद पर आउट किया। अगले ओवर में चाहर ने डिकॉक को मिड ऑफ पर अश्वनी के हाथों लपकवाया। रहाणे ने एक छक्का और एक चौका लगाकर दबाव कम करने की कोशिश की लेकिन अश्वनी ने उन्हें पहली ही गेंद पर पैवेलियन भेज दिया।

पंजाब के इस तेज गेंदबाज ने केकेआर कप्तान को आगे बढ़कर खेलने के लिए ललचाया और उन्होंने हवा में शॉट खेलकर डीप बैकर्वड प्वाइंट पर कैच दे दिया। अंगकृष रघुवंशी (26) ने विकेट के दोनों ओर चौके लगाए और अश्वनी को एक छक्का भी जड़ा। रघुवंशी भी गैर जिम्मेदाराना शॉट खेलकर पैवेलियन लौटे। 

हार्दिक पांड्या की गेंद पर नमन धीर ने डीप स्क्वेयर लेग पर उनका कैच लपका। इंपैक्ट सब के तौर पर आए पांडे को 11वें ओवर में अश्वनी ने आउट किया। वहीं दो गेंद बाद रिंकू को उन्होंने धीर के हाथों लपकवाकर केकेआर के मजबूत स्कोर तक पहुंचने के मंसूबों पर पानी फेर दिया।

स्कोर बोर्ड

कोलकाता नाइट राइडर्स -
क्विंटन डिकॉक का. अश्वनी बो. दीपक     01
सुनील नरेन बो. ट्रेंट बोल्ट     00
अजिंक्या रहाणे का. वर्मा बो. अश्वनी     11
अंगकृष रघुवंशी का. धीर बो. हार्दिक    26
वेंकटेश अय्यर का. रिकेलटन बो. दीपक    03
रिंकू सिंह का. धीर बो. अश्वनी      17
मनीष पांडे बो. अश्वनी     19
आंद्रे रसेल बो. अश्वनी     05
रमनदीप सिंह का. हार्दिक बो. सेंटनेर     22
हर्षित राणा का. धीर बो. पुथुर     04
स्पेंसर जॉनसन (नाबाद)    01
अतिरिक्त -    07
कुल - (16.2 ओवर में सभी आउट)    116
विकेटपतन - 1/1, 2/2, 3/25, 4/41, 5/45,  6/74, 7/80, 8/88, 9/99
गेंदबाजी - बोल्ट 4-0-23-1, दीपक चाहर 2-0-19-2, अश्वनी 3-0-24-3, हार्दिक 2-0-10-1, पुथुर 2-0-21-1, सेंटनेर    3.2-0-17-1

मुंबई इंडियंस -
रोहित शर्मा का. हर्षित बो. रसेल     13
रियान रिकेलटन (नाबाद)    62
विल जैक्स का. रहाणे बो. रसेल     16
सूर्यकुमार यादव (नाबाद)    27
अतिरिक्त -    03
कुल - (12.5 ओवर में दो विकेट पर)    121
विकेटपतन - 1/46, 2/91
गेंदबाजी - जॉनसन 2-0-14-0, हर्षित 2-0-28-0, चक्रवर्ती 3-0-12-0, रसेल 2.5-0-35-2, नरेन 3-0-32-0

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment