Uttarakhand National Games: 14 साल बाद मिला बिहार को राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक
Uttarakhand National Games: उत्तराखंड में चल रहे 38वें राष्ट्रीय खेलों में बिहार ने शनिवार को एक स्वर्ण समेत कुल तीन पदक अपने कर लिये। इसके साथ ही बिहार के पदकों की संख्या नौ हो गयी है।
![]() |
बिहार को स्वर्ण पदक लॉन बॉल्स में महिला ट्रिपल स्पर्धा में मिला। एक रजत लॉन बॉल्स में और एक अन्य कांस्य पदक मॉडर्न पेंटाथलन में भी हासिल हुआ।
खेलों कें 12वें दिन बिहार को स्वर्ण पदक लॉन बॉल्स की महिला ट्रिपल स्पर्धा में खुशबू कुमारी, निकहत खातून और पायल प्रीति की तिकड़ी ने फाइनल में पश्चिम बंगाल को 15-14 से पराजित कर हासिल किया। एक समय मुकाबले में बिहार की टीम 1-11 से पिछड़ रहा थी लेकिन इसके बाद शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा कर लिया।
राष्ट्रीय खेलों में बिहार को 14 साल बाद कोई स्वर्ण पदक मिला है। इससे पहले बिहार ने आखिरी बार 2011 में रांची में हुए खेलों में स्वर्ण पदक जीता था।
इस बीच चंदन सिंह ने पुरुष एकल स्पर्धा का रजत पदक जीता। वह स्वर्ण पदक के लिए फाइनल मुकाबले में झारखंड के सुनील के सामने थे, लेकिन नजदीकी अंतर (11-17) से हार के कारण उनको रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
2011 में आखिरी बार बिहार को मिला था स्वर्ण पदक
राष्ट्रीय खेलों में बिहार को आखिरी बार 2011 के झारखंड खेलों में स्वर्ण पदक मिला था। तब रांची के नामकुम ने हुए लॉन बॉल्स के महिला फोर स्पर्धा में बिहार ने स्वर्ण पदक जीता था। उस टीम में बिन्दु कुमारी उरांव, कंचन कच्छप, सरिता कुमारी और सुनीता कुमारी शामिल थीं।
राज्य विभाजन के बाद यह दूसरी बार है जब बिहार ने राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीता है। 2011 से पहले 2002 में हैदराबाद के नेशनल गेम्स में कृष्ण कुमार शर्मा ने भी डिसकस थ्रो का स्वर्ण पदक जीता था।
हालांकि तब केके शर्मा ने स्पर्धा के दौरान रजत पदक ही जीता था, लेकिन बाद में स्वर्ण पदक जीतने वाले एथलीट के डोप टेस्ट में पकड़े जाने के कारण केके शर्मा के रजत पदक को स्वर्ण पदक में अपग्रेड कर दिया गया था। बिहार को उससे पहले भी 1999 में 10 और 1997 के राष्ट्रीय खेलों में चार स्वर्ण पदक मिले थे।
मॉडर्न पेंटाथलन में कांस्य
दूसरी ओर हल्द्वानी में हुए मॉर्डन पेंटाथलन में बिहार को कांस्य पदक जीतने में सफलता मिली। प्रिंस 1, प्रिंस 2 और अंकित की बिहार टीम ने कांस्य पदक प्राप्त करने में सफलता प्राप्त की।
अब तक राष्ट्रीय खेलों में बिहार ने एक स्वर्ण, पांच रजत और तीन कांस्य समेत कुल नौ पदक जीते हैं।
| Tweet![]() |