Odisha: दुती चांद मामले में RTI कार्यकर्ता प्रदीप प्रधान को पुलिस ने किया गिरफ्तार, मानसिक उत्पीड़न के आरोप में कार्रवाई

Last Updated 30 Oct 2023 09:41:17 AM IST

ओडिशा पुलिस ने रविवार को आरटीआई कार्यकर्ता से नेता बने प्रदीप प्रधान को 2021 में धाविका दुती चंद द्वारा दायर मानसिक उत्पीड़न के मामले में गिरफ्तार किया गया।


ओडिशा पुलिस ने सूचना के अधिकार कार्यकर्ता से नेता बने प्रदीप प्रधान को धाविका दुती चंद की ओर से वर्ष 2021 में दर्ज कराए गए मानसिक उत्पीड़न के मामले के संबंध में रविवार को गिरफ्तार कर लिया।

भुवनेश्वर-कटक आयुक्तालय की महिला थाने की पुलिस ने प्रधान को गिरफ्तार किया। प्रधान नये राजनीतिक संगठन ‘मो डाला’ के सचिव भी हैं।

अधिकारियों ने बताया कि दुती ने प्रधान और कुछ अन्य व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी थी कि दो साल पहले ओलंपिक में खराब प्रदर्शन को लेकर उनका मानसिक उत्पीड़न किया गया था।

उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं किये जाने का आरोप लगाते हुए दुती उच्च न्यायालय गयी थीं और उन्होंने प्रधान एवं अन्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

उच्च न्यायालय ने पुलिस को प्रधान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया था।

दुती ने कहा, ‘‘ शुरू में प्रधान को गिरफ्तार नहीं किया गया और दिखाया गया कि वह फरार हैं। मैं तीन बार थाने गयी और बाद में मैंने उनकी गिरफ्तारी का अनुरोध करते हुए उच्च न्यायालय का रुख किया। अंतत: पुलिस ने प्रधान को गिरफ्तार कर लिया। ’’

प्रधान ने आरोपों का खंडन किया है और कहा है कि उनके खिलाफ ‘झूठा मामला’ दर्ज किया गया है।

भाषा
भुवनेश्वर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment