Asian Games 2023 : अलविदा हांगझोउ, आइची-नागोया में फिर मिलेंगे, रंगारंग समारोह के साथ एशियाई खेल सम्पन्न

Last Updated 09 Oct 2023 06:40:14 AM IST

खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धियों और चीन की सांस्कृतिक विरासत के जश्न को दर्शाते हुए रंगारंग और तकनीकी रूप से मंत्रमुग्ध कर देने वाले कार्यक्रम के साथ रविवार को हांगझोउ एशियाई खेलों का पटाक्षेप हुआ।


हांगझोउ : रविवार को एशियाई खेलों के समापन अवसर पर मनमोहक प्रस्तुति देते स्थानीय कलाकार।

लगभग 80,000 दर्शकों की क्षमता वाले ‘बिग लोटस’ स्टेडियम में प्रकाश, ध्वनि और लेजर के 75 मिनट के कार्यक्रम के दौरान उत्सव का माहौल था। कार्यक्रम में इन खेलों में भाग लेने वाले 45 देशों के एथलीटों ने दो सप्ताह से अधिक समय तक प्रतिस्पर्धा करने के बाद विदाई ली। समापन समारोह में खेल और संस्कृति के मिशण्रका उत्सव दिखा।

एशियाई ओलंपिक परिषद (ओसीए) के कार्यवाहक प्रमुख रणधीर सिंह ने चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में एशियाई खेलों के 19वें सत्र के समापन की घोषणा की। उन्होंने कहा, ‘मैं 19वें हांग्झोउ एशियाई खेलों के समापन की घोषणा करता हूं और परंपरा के अनुसार एशिया के युवाओं से ओलंपिक परिषद के आदशरें के अनुरूप 20वें एशियाई खेलों का जश्न मनाने के लिए तीन साल मेंआइची-नागोया (जापान) में इकट्ठा होने का आह्वान करता हूं।’ रणधीर सिंह ने कहा, ‘एशिया के युवा भाईचारे की भावना और मानवता की भलाई के लिए एशियाई खेलों का जश्न मनाएं।’ उन्होंने कहा, ‘पिछले 16 दिनों में हमने इस शानदार शहर में कई अविस्मरणीय पल साझा किए हैं। अद्भुत और यादगार एशियाई खेलों के लिए ‘शे शे, हांग्झोउ (शुक्रिया हांगझोउ)’ कहने का समय आ गया है ।’ अब तक के सबसे बड़े एशियाई खेलों में की तालिका में एक बार फिर चीन का दबदबा रहा।

ओसीए के कार्यवाहक महानिदेशक विनोद कुमार तिवारी के अनुसार इन खेलों के दौरान तेरह विश्व रिकॉर्ड, 26 एशियाई रिकॉर्ड और 97 खेलों के रिकॉर्ड तोड़े गए। स्टेडियम में 23 सितंबर को उद्घाटन समारोह की तुलना में कम उपस्थिति देखी गई लेकिन स्वंयसेवकों और एथलीटों ने इस कमी को पूरा किया। देशों के खिलाड़ियों और अधिकारियों के शामिल होने से पहले सभी देशों के ध्वजवाहक मैदान में पहुंचे। पुरुष हॉकी टीम के गोलकीपर पीआर श्रीजेश भारतीय ध्वजवाहक थे। परेड में लगभग 100 भारतीय एथलीट और अधिकारी शामिल थे। ज्यादातर भारतीय खिलाड़ी अपनी स्पर्धा के समापन पर स्वदेश लौट गये है।

हांगझोउ : रविवार को एशियाई खेलों के समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करते भारत सहित अन्य देशों के एथलीट।

आयोजकों ने कहा कि 45 देशों के 12,407 एथलीटों ने हांग्झोउ में 40 खेलों में भाग लिया। इन खेलों के आयोजन को कोविड-19 महामारी के कारण एक साल के लिए टाल दिया गया था। समापन समारोह में 1951 में नयी दिल्ली में पहले एशियाई खेलों की मशाल और ध्वज के साथ-साथ ओसीए ध्वज को 2026 सत्र के मेजबान शहर जापान केआइची-नागोया के गवर्नर को सौंप दिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए, उद्घाटन समारोह के दौरान नग्न आंखों के लिए 3डी दृश्य प्रभाव देने वाली विशाल अंडाकार आकार की एलईडी फ्लोर स्क्रीन का उपयोग नहीं किया गया था। इसके बजाय, एक ‘डिजिटल टर्फ’ का इस्तेमाल किया गया।

इसका बीच का हिस्सा बगीचे की तरह लग रहा था जबकि किनारे पर बड़े शब्दों में ‘एशिया’ लिखा था। उद्घाटन समारोह में आभासी मशाल वाहकों के साथ ओलंपिक चैंपियन और 19वें एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता तैराक वांग शुन ने मुख्य खेलों की लौ जलाई थी। वह इन मशाल वाहकों स्वयंसेवकों और खिलाड़ियों के साथ लौ को बुझते हुए देखने के लिए मैदान पर मौजूद थे। इस समारोह का उद्देश्य पूरे खेलों के दौरान एथलीटों के रोमांचक और मर्मस्पर्शी क्षणों को प्रदर्शित करना था। इसके साथ ही हांगझोउ के लाखों स्वयंसेवकों और नागरिकों के साथ-साथ हर उस व्यक्ति का प्रतिनिधित्व करना था जिसने इन खेलों को संभव बनाया। इस समारोह ने लोगों से लोगों की बातचीत और ‘स्पोर्ट्स विदाउट बॉर्डर्स’ की भावना को उजागर करने का प्रयास किया।

पदक तालिका

देश                   स्वर्ण    रजत    कांस्य    कुल
चीन                   201    111       71     383   
जापान                  52     67        69    188   
दक्षिण कोरिया        42    59        89    190   
भारत                    28    38        41    107   
उज्बेकिस्तान          22    18        31      71
ताइपे                    19    20         28     67
ईरान                    13     21         20    54
थाईलैंड                 12    14         32    58
बहरीन                  12      3           5    20
उत्तर कोरिया          11    18          10   39

भाषा
हांगझोउ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment