Video: 21 महीने बाद सम्राट चौधरी ने अयोध्या में भगवान श्री राम को समर्पित की पगड़ी, सिर मुंडवाया

Last Updated 03 Jul 2024 11:18:01 AM IST

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को अयोध्या में सुबह अपनी पगड़ी उतार दी और सिर मुंडवाने के बाद सरयू नदी में स्नान किया।


अयोध्या नगरी पहुंच सम्राट चौधरी ने मुंडवाया सिर

बिहार के डिप्टी सीएम और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने बुधवार को प्रभु श्री राम की जन्मस्थली अयोध्या पहुंचकर अपनी पगड़ी (मुरेठा ) को उतार दिया है। उन्होंने 21 महीने के बाद अपनी पगड़ी उतारी है।

उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट कर इसकी जानकारी देते हुए लिखा, "प्रातः अयोध्या धाम में पवित्र सरयू नदी में डुबकी लगाई और हमारे इष्ट, प्रभु श्रीराम को स्तुति कर मुरेठा खोला।"

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, "प्रभु श्रीराम के पावन चरणों में अपने मुरेठा को समर्पित किया।"

 

चौधरी इस यात्रा के क्रम में हनुमानगढ़ी मंदिर भी गए और हनुमान जी के दर्शन किये।

बिहार के डिप्टी सीएम और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भारतीय जनता पार्टी (BJP) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) छोड़कर विपक्ष के ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव एलाइंस’ (INDIA) में शामिल होने के बाद पगड़ी पहनना शुरू किया था और उन्होंने करीब 21 महीने पहले संकल्प लिया था कि जब तक कुमार मुख्यमंत्री पद से हट नहीं जाते तब तक वह पगड़ी नहीं उतरेंगे।

सितंबर 2022 में अपनी मां के निधन के बाद सम्राट चौधरी ने सिर पर पगड़ी बांधी थी।

चौधरी का मानना है कि नीतीश के ‘इंडिया’ छोड़कर वापस राजग में आने से उनका संकल्प पूरा हो गया है। चौधरी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘हमारी प्रतिबद्धता नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाने की थी। मेरा संकल्प गत 28 जनवरी को पूरा हो गया क्योंकि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्षी दलों के समूह इंडिया से अलग होकर हमारे (राजग) साथ आ गए और हमारे मुख्यमंत्री बन गए इसलिए मैंने अपनी पगड़ी खोल दी है।’’

उन्होंने कहा कि बिहार और यूपी एक परिवार की तरह हैं और राष्ट्र निर्माण में दोनों का महत्वपूर्ण योगदान है।"

हाथरस भगदड़ की घटना पर उन्होंने कहा, "ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है, इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए। जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।"

अयोध्या दौरे पर चौधरी के साथ बिहार के कुछ मंत्री और पार्टी पदाधिकारी भी थे। सरयू नदी में स्नान करने के बाद चौधरी ने हनुमानगढ़ी मंदिर और राम जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना की।



 

भाषा/आईएएनएस
अयोध्या (उप्र)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment