यूपी: प्रदूषित शहरों में लखनऊ 9वें स्थान पर, अखिलेश यादव ने ट्वीट कर भाजपा सरकार को ठहराया जिम्मेदार
समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्विस संगठन द्वारा जारी वायु गुणवत्ता रिपोर्ट के आधार पर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार को घेरा है।
अखिलेश ने बढते प्रदूषण के लिए BJP सरकार को ठहराया जिम्मेदार (फाइल फोटो) |
अखिलेश ने गुरूवार को ट्वीट किया कि अगर प्रदेश की भाजपा सरकार उनकी पूर्ववर्ती सरकार में शुरू किए गए पर्यावरण संरक्षण में योगदान करने वाले कार्य को नहीं रोकती तो आज उसे यह दिन नहीं देखना पड़ता।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘दुनिया के 30 सबसे प्रदूषित शहरों में 10 शहर उत्तर प्रदेश के हैं और राजधानी लखनऊ दुनिया में नौवें नंबर पर है। अगर सपा सरकार के सार्वजनिक परिवहन मेट्रो, साइकिल ट्रैक, गोमती रिवर फ़्रंट, पार्क और सफ़ारी जैसे पर्यावरणीय काम न रोके होते तो आज भाजपा सरकार को यह दिन नहीं देखना पड़ता।’’
दुनिया के 30 सबसे प्रदूषित शहरों में 10 शहर उप्र के आएं हैं व राजधानी लखनऊ दुनिया में 9वें नंबर पर.
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) March 18, 2021
अगर सपा सरकार के पब्लिक ट्रांसपोर्ट मेट्रो, साइकिल ट्रैक, गोमती रिवर फ़्रंट, पार्क व सफ़ारी जैसे पर्यावरणीय काम न रोके होते तो आज की भाजपा सरकार को ये दिन नहीं देखना पड़ता. pic.twitter.com/IIgP0zPCRz
गौरतलब है कि स्विस संगठन ‘आईक्यू एयर’ की ओर से मंगलवार को जारी ‘विश्व वायु गुणवत्ता रिपोर्ट 2020’ के मुताबिक दुनिया के सबसे प्रदूषित 30 शहरों में से 22 भारत में हैं। इनमें लखनऊ नौवें स्थान पर है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में भारत प्रमुखता से दिख रहा है और विश्व के सबसे प्रदूषित 30 शहरों में से 22 भारत के हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, चीन का शिनजियांग दुनिया में सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर है। उसके बाद शीर्ष 10 में से नौ शहर भारत के हैं। दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में गाजियाबाद दूसरे स्थान पर है। उसके बाद बुलंदशहर, बिसरख जलालपुर, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, कानपुर, लखनऊ और भिवाड़ी का नंबर आता है।
इन शहरों में प्रदूषण का स्तर पीएम2.5 के आधार पर मापा गया है।
| Tweet |