महाराष्ट्र सीएम के बेटे महाकाल मंदिर के गर्भगृह में क्यों घुसे ?

Last Updated 20 Oct 2024 12:17:08 PM IST

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे और सांसद श्रीकांत शिंदे पर उज्जैन के महाकाल मंदिर के गर्भगृह में जबरन घुसने का आरोप लगा है।


हालांकि इस घटनाक्रम के बाद मंदिर प्रबंध समिति ने दर्शन व्यवस्था प्रभारी विनोद चौकसे को पद से हटा दिया है। जबकि प्रबंध समिति ने चार अन्य कर्मचारियों को नोटिस देकर 24 घंटे के अंदर जवाब मांगा है। लेकिन अब यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है। यहां बता दें कि  महाकाल मंदिर के गर्भगृह में प्रतिबंध के बावजूद श्रीकांत शिंदे ने प्रवेश किया था।

मंदिर प्रशासक गणेश धाकड़ ने शनिवार को बताया कि दर्शन व्यवस्था के प्रभारी विनोद चौकसे को कथित लापरवाही के कारण उनके पद से हटा दिया गया है। उन्होंने बताया कि तीन सुरक्षाकर्मियों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है तथा सख्त निर्देश जारी किए गए हैं ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो।

बता दें, गुरुवार शाम श्रीकांत शिंदे पत्नी और दो अन्य लोगों के साथ महाकाल मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश किया था। वह भीतर जाकर पांच मिनट से भी ज्यादा समय तक पूजन करते रहे। इस दौरान उन्हें किसी ने नहीं रोका। मंदिर प्रशासक गणेश धाकड़ ने जांच और कार्रवाई की बात कही थी। वहीं इस मुद्दे पर विपक्षी कांग्रेस ने मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार की आलोचना की है। भगवान शिव को समर्पित महाकालेश्वर मंदिर देश के 12 ज्योतिर्लिंग मंदिरों में से एक है और बड़ी संख्या में भक्तों को आकर्षित करता है।

कांग्रेस विधायक महेश परमार ने शुक्रवार को कहा कि जहां एक आम भक्त को भगवान महाकालेश्वर के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता है और घंटों इंतजार करना पड़ता है, वहीं “वीआईपी लोगों को गर्भगृह में प्रवेश करने की अनुमति दी गई, जबकि प्रवेश पर प्रतिबंध है।”

मंदिर समिति के अध्यक्ष और उज्जैन के जिला कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने कहा था कि किसी को भी गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति नहीं है। यह (शिंदे का) एक अनधिकृत प्रवेश है और मैंने मंदिर प्रशासक को इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
 

 

 

समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment