भाकियू ने बुलाई पंचायत, जमा होने लगी भीड़, भारी पुलिस बल तैनात

Last Updated 29 Jan 2021 12:37:38 PM IST

कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली के गाजीपुर बार्डर पर चल रहे धरने को लेकर राजनीति तेज हो गई है। रात भर गहमागहमी का दौर जारी रहा।


फाइल फोटो

उधर शुक्रवार को मुजफ्फरनगर में नरेश टिकैत ने पंचायत का आयोजन किया है। प्रशासन और भारतीय किसान यूनियन के बीच संभावित टकराव टल गया है। प्रशासन ने किसान पंचायत की इजाजत दे दी है। वहीं सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। यातायात सुचारू रहे इसके लिए रूट में फेरबदल किया गया है।

किसान मैदान में पहुंचना शुरू हो गए हैं। वहीं पुलिस प्रशासन ने कड़े बंदोबस्त किए हैं। मुख्य मार्गों पर कड़ी निगरानी की जा रही है। चौधरी नरेश टिकैत किसानों के साथ सिसौली से शहर की ओर रवाना होंगे। इस महापंचायत पर सभी की निगाहें लगी हैं। माना जा रहा है कि नरेश टिकैत कोई बड़ा एलान कर सकते हैं। महापंचायत में बड़ी संख्या में महिलाएं भी पहुंच रही हैं। रालोद के राष्ट्रीय महासचवि जयंत चौधरी के आने की भी चर्चा है।

महापंचायत को लेकर खुफिया तंत्र भी सक्रिय हो गया है। सुबह उच्चाधिकारियों ने चौधरी नरेश टिकैत से फोन पर बातचीत की। आइबी के दो अधिकारी सिसौली में चौधरी नरेश टिकैत से मिले और बातचीत की। पुलिस प्रशासन ने कड़े बंदोबस्त किए हैं। मैदान को छावनी में तब्दील किया गया है। मुख्य मार्गों पर कड़ी निगरानी की जा रही है।

महिलाओं ने रवाना होने से पहले सिसौली स्थित किसान भवन पर पहुंचकर बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की समाधि पर नमन किया और संकल्प लिया कि किसानों की इस लड़ाई में वह भी बराबर की भागीदार रहेंगी।

एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि महापंचायत के दौरान शहर के महावीर चौक से सकरुलर रोड होते हुए सुजडू चुंगी तक का मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। मेरठ की ओर से आने वाले सभी वाहन हाईवे से होते हुए वाया भोपा बाईपास से शहर में प्रवेश करेंगे। वहीं, शामली और बड़ौत की ओर से आने वाले सभी वाहन भी पीनना-वहलना बाईपास होते हुए हाईवे और वहां से भोपा बाईपास होकर शहर में प्रवेश करेंगे।

उधर, सरधना, जानी, सरूरपुर थाना क्षेत्रों के अलग-अलग गांवों से किसान ट्रैक्टर से गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचने की तैयारी में हैं। गंगा नहर पटरी मार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। लेकिन यह निर्देश दिए गए हैं कि किसानों के जाते हुए वीडियोग्राफी कराई जाए और उन पर नजर रखी जाए।

वहीं राकेश टिकैत भी धरना जारी रखने पर अडिग हैं। किसानों की पंचायत को देखते हुए प्रशासन ने भी कमर कस ली है। चौधरी टिकैत ने कहा कि रात में गाजीपुर बार्डर पर कुछ भी होता है तो इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। बगैर जांच पूरी हुए यदि गिरफ्तारी की गई तो हालात बिगड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में नहीं लेते, लेकिन सरकार ऐसा करने को मजबूर कर रही है।

गणतंत्र दिवस के मौके पर हुई हिंसा के बाद से जहां एक तरफ बॉर्डर पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी, वहीं अब धीरे धीरे फिर से किसानों में एक नया जोश पैदा हो गया है। गाजीपुर, सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर 26 जनवरी की घटना के बाद से प्रशासन द्वारा भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया, जिसके बाद से किसानों में डर बैठा और बॉर्डर से धीरे धीरे किसान वापस अपने गांव जाने लगे। गाजीपुर बॉर्डर पर गुरुवार शाम तक किसानों की संख्या में कमी देखने को मिली तो शुक्रवार होते ही किसानों की संख्या फिर से बढ़ने लगी है।

गुरुवार शाम भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की आंखों में आए आंसू ने आंदोलन को एक नई धार दे दी है। बॉर्डर पर किसानों में इस बात का आक्रोश है कि हमारे नेता की आंखों में आंसू प्रशासन के कारण आए हैं। उनका कहना है कि भले ही जान चली जाए लेकिन अब ये आंदोलन खत्म नहीं होगा।

गुरुवार शाम गाजियाबाद प्रशासन गाजीपुर बॉर्डर पहुंच कर राकेश टिकैत से धरना स्थल खाली करने को कहा, लेकिन बातचीत के दौरान टिकैत को पता लगा कि यहां एक बड़ी साजिश रची जा रही है जिसके बाद उन्होंने मंच से ही प्रशासन पर गम्भीर आरोप लगा दिए।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में टिकैत के मंच के भाषण के बाद से किसानों के अंदर आक्रोश दिखा और जो किसान बॉर्डर से वापस जा रहे थे, वो अचानक वापसी का प्लान बनाने लगे।

दूसरी ओर नरेश टिकैत ने भी जहां एक तरफ गुरुवार को नरम रुख दिखाया तो दूसरी ओर गुरुवार शाम तक उनके रुख में एक बड़ा बदलाव दिखा और महापंचायत करने का फैसला ले लिया।

गाजियाबाद प्रशासन देर रात तक बॉर्डर पर बना रहा, लेकिन किसानों का रवैया देख, प्रशासन को पीछे हटना पड़ा और बॉर्डर पर तैनात की गई फोर्स को देर रात वापस बुलाना पड़ा।

शुक्रवार सुबह बॉर्डर पर पुलिस बल कम दिखाई दे रहा है, वहीं किसानों की संख्या में फिर से इजाफा होने लगा है। ये कहना गलत नहीं होगा कि राकेश टिकैत के स्टेज पर निकले आंसू ने किसानों के दिल मे गहरी जगा बना ली है।
 

आईएएनएस
मुजफ्फरनगर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment