किसानों के मुद्दे पर सपा, कांग्रेस ने BJP को घेरा

Last Updated 03 Dec 2020 02:29:43 PM IST

नए कृषि कानून के खिलाफ चल रहे किसानों के आन्दोलन पर विपक्षी दलों ने सियासत शुरू कर दी है। इस मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने भाजपा पर निशाना साधा है।


सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (फाइल फोटो)

अखिलेश यादव ने ट्वीट के माध्यम से लिखा कि, जब बेबस किसान की न सुनी जाती फरियाद, हुकूमत के गरूर की वो हिला देते हैं बुनियाद!

इससे पहले अखिलेश यादव ने लिखा, हम कृषि कानूनों के इस संघर्ष में अपने अन्नदाता भाइयों के लिए आटा, दाल, चावल की कमी नहीं होने देंगे। हम सपा के कार्यकर्ताओं और आम जनता से अपील करते हैं कि वो अन्नदाता की हर संभव मदद करें। डॉक्टरों से विशेष आग्रह है कि वो बुजुर्ग किसानों का ख्याल रखें।

उधर, कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि भाजपा सरकार के मंत्री और नेता किसानों को देशद्रोही बोल चुके हैं। आन्दोलन के पीछे इंटरनेशनल साजिश बता चुके हैं। आन्दोलन करने वाले किसान नहीं लगते, बोल चुके हैं। लेकिन आज बातचीत में सरकार को किसानों को सुनना होगा। किसान कानून के केंद्र में किसान होगा न कि भाजपा के अरबपति मित्र।

केंद्र सरकार लगातार कोशिश कर रही है कि किसानों की समस्या जल्द से जल्द सुलझा ली जाए। इसको लेकर गुरुवार को बैठक चल रही है जिसमें शांतिपूर्ण तरीके से समाधान निकालने पर चर्चा होगी। वहीं किसानों ने संसद का विशेष सत्र बुलाकर तीनों कानून रद्द करने की मांग की है।

आईएएनएस
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment