हरियाणा निकाय चुनाव में भाजपा की बंपर जीत
हरियाणा विधानसभा चुनाव में शानदार जीत के छह महीने से भी कम समय बाद सत्तारूढ़ भाजपा ने बुधवार को राज्य में नगर निकाय चुनावों में प्रचंड विजय प्राप्त करते हुए 10 में से नौ महापौर पदों पर कब्जा जमा लिया।
![]() हरियाणा निकाय चुनाव में भाजपा की बंपर जीत |
निवर्तमान नगर निगम में सात में भाजपा के महापौर हैं। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में हार का सामना करने के बाद वापसी की उम्मीद कर रही कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल सकी।
कांग्रेस को सोनीपत और रोहतक में भी हार का सामना करना पड़ा।
सोनीपत में कांग्रेस के महापौर थे, जबकि रोहतक को पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा का गढ़ माना जाता है। निर्दलीय उम्मीदवार इंद्रजीत यादव एक महापौर सीट जीतने वाली एकमात्र गैर-भाजपा उम्मीदवार हैं। वह मानेसर से चुनी गईं, जहां पहली बार नगर निकाय चुनाव हुआ।
महापौर पद पर जीतने वाले दस उम्मीदवारों में से सात महिलाएं हैं, जिनमें से छह सत्तारुढ़ भाजपा से हैं। भाजपा ने सिरसा और जुलाना सहित चार नगर परिषदों और 21 नगर समितियों में अनेक सीटों पर कब्जा जमाया है।
महापौर पदों के लिए उपलब्ध परिणामों के अनुसार, भाजपा के उम्मीदवारों ने अंबाला, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार, करनाल, रोहतक, सोनीपत, यमुनानगर और पानीपत में अपने निकटतम कांग्रेस प्रतिद्वंद्वियों को हराया।
मानेसर में पहली बार नगर निगम चुनाव हुआ और वहां निर्दलीय उम्मीदवार इंद्रजीत यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार सुंदरलाल को 2,293 मतों के अंतर से हराया।
| Tweet![]() |