West Bengal : माकपा के दिग्गज नेता बुद्धदेव भट्टाचार्य को नम आंखों से दी गयी अंतिम विदाई

Last Updated 09 Aug 2024 04:22:41 PM IST

पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य को यहां मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य मुख्यालय में शुक्रवार को अंतिम विदाई देने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे।


बुद्धदेव भट्टाचार्य को नम आंखों से दी गयी अंतिम विदाई

मार्क्सवादी नेता का बृहस्पतिवार को यहां उनके निवास पर 80 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। भट्टाचार्य को साम्यवादी विचारधारा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और राज्य के औद्योगिकीकरण के लिए व्यावहारिक दृष्टिकोण के लिए याद किया जाएगा।

शोक संतप्त लोगों में से कुछ ने नम आंखों से जबकि कइयों ने मुट्ठी बांधकर लाल सलामी के जरिये भट्टाचार्य को श्रद्धांजलि दी। इनमें कई लोग भट्टाचार्य की तस्वीरें भी लिए हुए थे।

माकपा के राज्य मुख्यालय में अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया भट्टाचार्य का पार्थिव शरीर लाल झंडे में लिपटा और फूलों से ढका हुआ था।

पार्टी के वरिष्ठ सदस्यों के साथ-साथ अनुभवी नेताओं से लेकर युवा राजनेताओं ने भट्टाचार्य को श्रद्धांजलि दी। भीड़ में ऐसे लोग भी शामिल थे, जो उनकी उद्योग समर्थक नीतियों से प्रभावित थे।

पार्टी मुख्यालय पर मौजूद लोगों ने भट्टाचार्य को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और औद्योगिक विकास में सुधार के दिशा में उनके प्रयासों को याद किया और बताया कि कैसे उनके दृष्टिकोण ने भविष्य की प्रगति के लिए आधार तैयार किया था।

माकपा के दिग्गज नेता ने राज्य के राजनीतिक परिदृश्य पर एक अमिट छाप छोड़ी है। उन्हें राज्य के औद्योगिकीकरण के प्रयासों के लिए जाना जाता था। हालांकि भट्टाचार्य के नेक प्रयासों और इरादों के बावजूद, पश्चिम बंगाल में 34 वर्षों के निर्बाध शासन के बाद अंततः वाम मोर्चा सरकार का पतन हो गया।
 

भाषा
कोलकाता


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment