Haryana Assembly Election 2024: आम आदमी पार्टी का ऐलान- हरियाणा में सभी सीटों पर अकेले लड़ेंगे चुनाव

Last Updated 18 Jul 2024 04:04:56 PM IST

आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने गुरूवार को कहा कि उनकी पार्टी हरियाणा विधानसभा चुनाव में सभी 90 सीट पर चुनाव लड़ेगी।


संजय सिंह (फाइल फोटो)

हरियाणा में विधानसभा चुनाव इस वर्ष के अंत में प्रस्तावित हैं।

सिंह ने यहां मीडिया से कहा कि ‘आप’ हरियाणा विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी सभी 90 सीट पर चुनाव लड़ेगी।’’

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी के वरिष्ठ नेता संदीप पाठक भी इस मौके पर मौजूद थे।

सिंह ने बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और अग्निपथ योजना के मुद्दों पर हरियाणा की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘आज हरियाणा में जबरन वसूली की जा रही है। हमने देखा कि आंदोलन के दौरान किसानों को कैसे कुचला गया। हरियाणा में बेरोजगारी भी एक बड़ी समस्या है।’’

उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना ‘‘सेना का अपमान है’’।

केंद्र ने 2022 में अग्निपथ योजना की घोषणा की थी। इस योजना के तहत साढ़े 17 वर्ष से 21 वर्ष के आयु समूह के युवाओं को चार वर्षों के लिए भर्ती करने का प्रावधान है। इनमें से 25 प्रतिशत को अगले 15 वर्षों तक सेवा में बनाए रखने की योजना है।

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि ‘आप’ नेताओं के रोहतक, सोनीपत और जींद जैसे हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों के दौरे के दौरान लोगों ने कहा कि वे राज्य में बदलाव चाहते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा की जनता ने कांग्रेस, भाजपा और क्षेत्रीय दलों को मौका दिया लेकिन इन सभी ने राज्य को लूटा।

मान ने कहा कि ‘आप’ विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती से लड़ेगी और ‘‘बदलेंगे हरियाणा का हाल, अब लाएंगे केजरीवाल’’ पार्टी का नारा होगा।
 

भाषा
चंडीगढ़


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment