Swati Maliwal Case: BJP महिला कार्यकर्ताओं ने चूड़ियां लेकर CM केजरीवाल के घर के बाहर किया प्रदर्शन, मांगा इस्तीफा

Last Updated 17 May 2024 10:08:07 AM IST

दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल (Swati Maliwal) से बदसूलीकी मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है।


भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की दिल्ली इकाई ने आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल से कथित बदसलूकी के मामले में शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के पास विरोध प्रदर्शन किया।

 



भाजपा की महिला नेताओं ने शुक्रवार को चूड़ियां लेकर सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने पहुंची भाजपा की महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वाति मालीवाल के साथ हुई मारपीट का विरोध जताते हुए केजरीवाल के खिलाफ जमकर नारे लगाए। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री आवास पर एक महिला सांसद के ऊपर इस तरह का अत्याचार होता है और वह कार्रवाई नहीं कर सकते तो उन्हें तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

महिला मोर्चा अध्यक्ष ऋचा पांडे मिश्रा के नेतृत्व में चूड़ियां पहने हुए प्रदर्शनकारियों ने केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार द्वारा मालीवाल से कथित बदसलूकी के मामले में मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की।

मिश्रा ने कहा कि महिला मोर्चा केजरीवाल को उनके आधिकारिक आवास पर मालीवाल के साथ घटी घटना पर चुप्पी साधने के लिए चूड़ियां सौंपना चाहता था।

दिल्ली पुलिस ने मालीवाल से कथित अभद्रता के संबंध मे बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज की, जिसमें केजरीवाल के निजी सहायक बिभव कुमार को आरोपी बनाया गया।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त पीएस कुशवाहा के नेतृत्व में दो सदस्यीय टीम द्वारा मालीवाल का बयान दर्ज करने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस टीम बृहस्पतिवार को लगभग साढ़े चार घंटे तक मध्य दिल्ली में मालीवाल के आवास पर थी।

इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने शुक्रवार को कुमार को तलब किया है।


 

आईएएनएस/भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment