IPL 2025 में गेंद पर लार लगाने पर से प्रतिबंध हटा सकता है BCCI, फैसला कप्तानों पर

Last Updated 20 Mar 2025 08:06:16 AM IST

भारतीय क्रिकेट बोर्ड 22 मार्च से शुरू हो रहे इंडियन प्रीमियर लीग के इस सत्र में गेंद पर लार लगाने पर से प्रतिबंध हटा सकता है।


IPL में गेंद पर लार लगाने पर से प्रतिबंध हटा सकता है बोर्ड

बीसीसीआई में इस प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गई है और मुंबई में बृहस्पतिवार को आईपीएल की सभी टीमों के कप्तानों के सामने इसे रखा जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने कोरोना महामारी के दौरान एहतियात के तौर पर गेंद को चमकाने के लिए उस पर लार लगाने के बरसों पुराने चलन पर प्रतिबंध लगा दिया था। आईसीसी ने 2022 में यह प्रतिबंध स्थायी कर दिया।

आईपीएल ने भी कोरोना महामारी के बाद यह प्रतिबंध खेलने की शतरे में शामिल किया लेकिन आईपीएल के दिशा निर्देश आईसीसी के अधिकार क्षेत्र से परे हैं।

बीसीसीआई के एक आला अधिकारी ने कहा, ‘कोरोना से पहले गेंद पर लार लगाना आम बात थी। अब कोरोना का खतरा नहीं है तो आईपीएल में गेंद पर लार लगाने पर लगा प्रतिबंध हटाने में कोई बुराई नहीं है।’

उन्होंने कहा, ‘हम समझते हैं कि लाल गेंद के क्रिकेट पर इसका व्यापक प्रभाव होता है और सफेद गेंद के प्रारूप में भी इससे गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलती है।

आईपीएल में इसकी अनुमति होनी चाहिए। देखते हैं कि कप्तान क्या तय करते हैं।’

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने कहा था कि गेंद पर लार लगाने की जरूरत है वरना यह पूरी तरह से बल्लेबाजों के पक्ष में हो जाएगा। दक्षिण अफ्रीका के वेनरेन फिलैंडर और न्यूजीलैंड के टिम साउदी ने भी इसका समर्थन किया था।

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment