Christmas Security : क्रिसमस व नववर्ष को लेकर राजधानी में सुरक्षा चाकचौबंद
दिल्ली पुलिस ने क्रिसमस पर राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी है। खासकर नई दिल्ली क्षेत्र के कनॉट प्लेस, ऐतिहासिक स्थलों और धार्मिक केंद्रों पर सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
![]() क्रिसमस व नववर्ष को लेकर राजधानी में सुरक्षा चाकचौबंद |
दिल्ली पुलिस ने क्रिसमस के लिए राष्ट्रीय राजधानी के सभी गिरजाघरों में अर्धसैनिक बलों की तैनाती सहित सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘पुलिस ने शहर के प्रमुख गिरजाघरों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए अर्धसैनिक बलों की सहायता भी मांगी है, जहां बड़ी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है।’ प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली में 250 से अधिक गिरजाघरों में पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
पुलिस उपायुक्त (पूर्वोत्तर) जॉय टिर्की ने बताया, ‘अतिरिक्त बलों के साथ 1,000 पुलिस कर्मियों की तैनाती होगी। हम पहले से ही क्रिसमस और नए साल के लिए तैयार हैं।’
डीसीपी ने कहा, ‘हमारी छह सीमाएं और वाहन चलने योग्य सड़कें हैं। यमुना क्षेत्र के आसपास की चार चौकियों सहित महत्वपूर्ण चौकियों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सिपाही से लेकर पुलिस उपायुक्त तक, सभी कड़ी निगरानी रखने के लिए सड़क पर होंगे।’
उन्होंने कहा, ‘किसी को भी कानून-व्यवस्था की स्थिति का उल्लंघन करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। यदि कोई कानून-व्यवस्था का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’ क्रिसमस को लेकर चर्च, मॉल और विभिन्न बाजारों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
क्यूआरटी दल भी तैनात
पुलिस ने बताया कि गिरजाघरों और गश्ती दस्तों में पुलिस कर्मियों की पर्याप्त तैनाती के अलावा, त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी), आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन, मेटल डिटेक्टर डिवाइस और खोजी कुत्ते दस्ते को तैयार रखा जाएगा। सादे लिबास में अधिकारी भी निगरानी रखेंगे।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘अर्धसैनिक बल के अलावा, पुलिस की दो अतिरिक्त कंपनियां शाम के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया के लिए तैयार रहेंगी।’
| Tweet![]() |