दिल्ली की रामलीला होगी इस बार खास, बॉलीवुड कलाकार, केंद्रीय मंत्री, सांसद और राजनीतिक दलों के नेता भी निभाएंगे मुख्य किरदार

Last Updated 01 Oct 2023 11:01:33 AM IST

दिल्ली में इस बार रामलीला कुछ खास और नए अंदाज में होने जा रही है। लाल किला मैदान पर होने वाली देश की सबसे बड़ी और प्रसिद्ध रामलीलाओं में शामिल 'लव कुश' रामलीला में बॉलीवुड, सांसद और कई प्रमुख नेता भी इस बार राम, लक्ष्मण, सीता, रावण जैसे सभी मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे।


दिल्ली की रामलीला होगी इस बार खास, केंद्रीय मंत्री, सांसद व बॉलीवुड कलाकार निभाएंगे मुख्य किरदार

इस बार केवल बॉलीवुड कलाकार ही नहीं बल्कि कई केंद्रीय मंत्री, सांसद और राजनीतिक दलों के नेता भी यहां अपनी कला का प्रदर्शन करते दिखाई देंगे।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे कई किरदारों में नजर आएंगे

'लव कुश रामलीला' के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने (Arjun Kumar) ने बताया कि केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे (Ashwini Choube) एक से अधिक किरदारों में नजर आएंगे। लोकसभा सांसद अश्विनी चौबे, केंद्र सरकार में उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं जनवितरण प्रणाली और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के केंद्रीय राज्य मंत्री हैं।

प्रसिद्ध अभिनेता गगन मलिक बनेंगे राम

लाल किला पर होने वाली इस रामलीला में प्रसिद्ध अभिनेता गगन मलिक राम की भूमिका में नजर आएंगे। गगन मलिक ने सिद्धार्थ गौतम में भगवान बुद्ध की भूमिका निभाई थी। इसके लिए उन्होंने संयुक्त राष्ट्र द्वारा आयोजित विश्व बौद्ध फिल्म महोत्सव में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जीता था। मलिक को टीवी की रामायण में भगवान राम के रूप में उनकी प्रमुख भूमिका के लिए भी जाना जाता है।

रावण का किरदार निभाएंगे बॉलीवुड के प्रसिद्ध कलाकार मुकेश ऋषि

वहीं रावण की भूमिका में बॉलीवुड के प्रसिद्ध कलाकार मुकेश ऋषि नजर आएंगे। मुकेश ऋषि अभी तक हिंदी, मराठी, तेलुगू समेत विभिन्न भाषाओं की 100 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके हैं। उन्होंने सलमान खान और आमिर खान जैसे फिल्मी सितारों के साथ काम किया है। वह कई सुपरस्टार के विपरीत विलेन की भूमिका भी निभा चुके हैं।

और अन्य रोल करने के लिए कई नेताओं से चल रही है बात

लव कुश रामलीला के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गौरव सूरी का कहना है कि नेताओ की बात करें तो अश्विनी चौबे के अलावा कई सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों, पूर्व केंद्रीय मंत्रियों, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के कुछ नेता रामलीला में रोल कर सकते हैं। इन नेताओं के बातचीत हुई है।

सीता का रोल करेंगी फिल्म अभिनेत्री स्वीटी

रोल करने के इच्छुक इन नेताओं की कद काठी, अभिनय क्षमता व उनकी रुचि के आधार पर अब उनके किरदार तय किए जा रहे हैं। सूरी ने बताया की फिल्म अभिनेत्री स्वीटी माता-सीता के रोल में नजर आएंगी।

दिशांक अरोड़ा बनेंगे लक्ष्मण

लक्ष्मण के रोल में दिशांक अरोड़ा को लिया गया है। दिशांक अरोड़ा एक भारतीय टेलीविजन अभिनेता हैं, उन्हें जीजी मां, लव ने मिला दी जोड़ी, राजा बेटा जैसे प्रसिद्ध टेलीविजन शो के लिए जाना जाता है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत साल 2009 में की थी। टेलीविजन के अलावा वह बॉलीवुड फिल्म मिसिंग ऑन ए वीकेंड में भी नजर आ चुके हैं।

अभिनेता शरद गोरे सुग्रीव के किरदार में नजर आएंगे

इसी तरह प्रसिद्ध अभिनेता शरद गोरे सुग्रीव के किरदार में नजर आएंगे, तो जस्सी सिंह मेघनाथ का रोल करेंगे।

निर्भय वाधवा बजरंगबली की भूमिका में नजर आएंगे

लव कुश रामलीला के महामंत्री सुभाष गोयल के मुताबिक टीवी सीरियल में हनुमान के रोल के लिए प्रसिद्ध निर्भय वाधवा यहां रामलीला में भी बजरंगबली की भूमिका में नजर आएंगे।

मनीष चतुर्वेदी बनेंगे शिव शंकर

वहीं कई टीवी सीरियल में शिव शंकर का रोल करने वाले मनीष चतुर्वेदी दिल्ली की इस रामलीला में भी शिव के रोल में नजर आएंगे। इनके अलावा करीब एक दर्जन बॉलीवुड अन्य छोटे बड़े अभिनेता भी इस रामलीला का हिस्सा होंगे।

लाल किला की ठीक सामने स्थित मैदान में 1200 गज के क्षेत्रफल और 79 फीट की ऊंचा वाला रामलीला का भव्य सेट तैयार किया जा रहा है। यहां इस रामलीला में दशहरे के दिन मुख्य अतिथि के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया जाता रहा है।

बीते वर्ष दक्षिण भारत के सुपरस्टार और देश की सबसे बड़ी सुपरहिट फिल्मों में से एक 'बाहुबली' फिल्म के हीरो प्रभास भी इस रामलीला में पहुंचे थे। अपनी फिल्म आदिपुरुष की रिलीज से पहले उन्होंने लालकिला की इस रामलीला में रावण वध किया था।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment