दिल्ली में एक हफ्ते के लिए और बढ़ाया लॉकडाउन, आवश्यक सेवाओं को जारी रहेगी छूट

Last Updated 25 Apr 2021 02:10:11 PM IST

दिल्ली सरकार ने आधिकारिक तौर पर माना है कि दिल्ली में कोरोना कम नहीं हो रहा है। इसी के मद्देनजर दिल्ली में लॉकडाउन की अवधि बढ़ा दी गई है।


दिल्ली में एक हफ्ते के लिए और बढ़ाया लॉकडाउन

अब लॉकडाउन अगले सोमवार सुबह 5 बजे तक जारी रहेगा। रविवार को दिल्ली सरकार ने यह फैसला लिया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली में कोरोना संक्रमण काफी फैल गया है। विभिन्न संगठनों एवं व्यापारिक संस्थानों ने भी लॉकडाउन बढ़ाए जाने की संस्तुति की है। लॉकडाउन के दौरान ही कोरोना संक्रमण की दर 36 प्रतिशत से अधिक हो गई थी। हालांकि अब यह 29 प्रतिशत है। दिल्ली सरकार द्वारा लिए गए निर्णय के मुताबिक अब अगले 1 सप्ताह तक दिल्ली के सभी बाजार एवं व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह से बंद रहेंगे। राशन, दूध, फल, सब्जी, दवाई समेत जिन व्यापारिक गतिविधियों को आवश्यक सेवाओं के अंतर्गत लॉकडाउन में छूट दी गई है उनको मिली यह छूट जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, "दिल्ली में कोरोना का कहर जारी है। दिल्ली में कोरोना बहुत अधिक बढ़ गया है। उसी के मद्देनजर अगले 1 हफ्ते के लिए यानी अगले सोमवार सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन की अवधि बढ़ाई गई है। लॉकडाउन कोरोना से निपटने के लिए हमारा आखिरी हथियार है और अब इसका इस्तेमाल करना जरूरी हो गया है। दिल्ली में कोरोना कम नहीं हो रहा है। मैंने स्वयं लोगों से बात की और सभी का मत है कि लॉकडाउन बढ़ाया जाना चाहिए।"

मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते 24 घंटे के दौरान दिल्ली में कोरोना पॉजिटिविटी दर 29 फीसदी रही है। यह पहले के मुकाबले कम हुई है लेकिन हम यह नहीं कह रहे हैं कि कोरोना खत्म हो रहा है। हो सकता है यह कम हो जाए लेकिन यह भी हो सकता है कि यह और अधिक बढ़ जाए। इसलिए अभी सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में अभी भी ऑक्सीजन की कमी बनी हुई है। कई अस्पतालों को ऑक्सीजन की किल्लत हो रही है। दिल्ली सरकार ने केंद्र से 700 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की मांग की है। जबकि केंद्र ने दिल्ली का कोटा बढ़ाकर 490 मेट्रिक टन किया है। मुख्यमंत्री केजरीवाल के मुताबिक दिल्ली को तय कोटे से काफी काम लगभग 330 से 335 मीट्रिक टन ऑक्सीजन ही मिल रही है। जिसके कारण अस्पतालों में अभी भी ऑक्सीजन की किल्लत बनी हुई है।



बीते 24 घंटे के दौरान दिल्ली में कोरोना से 357 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है। दिल्ली में कोरोना से होने वाली मृत्यु का यह एक नया रिकॉर्ड है। शुक्रवार को दिल्ली में कोरोना के कारण 348 व्यक्तियों की मृत्यु हुई थी।

दिल्ली में कोरोना से अभी तक 13898 व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी है। फिलहाल दिल्ली में 93,080 एक्टिव कोरोना रोगी है। इनमें से 50,285 कोरोना रोगी होम आइसोलेशन में रह रहे हैं जबकि शेष रोगियों को दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों व कोरोना केंद्रों में भर्ती कराया गया है।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment