छत्तीसगढ़ में ’लाल आतंक‘ पर सुरक्षा बलों का सबसे बड़ा हमला, मुठभेड़ में 30 नक्सली ढेर

Last Updated 05 Oct 2024 06:40:48 AM IST

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 30 नक्सलियों को मार गिराया। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।


बस्तर क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नारायणपुर-दंतेवाड़ा जिले की सीमा में अबूझमाड़ के थुलथुली गांव के जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 30 नक्सलियों को मार गिराया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले की सीमा में स्थित अबूझमाड़ क्षेत्र में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना मिलने पर बृहस्पतिवार को नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले से सुरक्षाबल के संयुक्त दल को गोवेल, नेंदूर और थुलथुली गांव की ओर रवाना किया गया था।

सुरक्षाबल के दल में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के जवान शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार अपराह्न लगभग एक बजे नक्सलवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबल के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की।

उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने इस मुठभेड़ में 30 नक्सलियों को मार गिराया है जिसमें करीब 28 नक्सलियों के शव बरामद किये गए हैं। सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से एके 47 और एसएलआर समेत कई अन्य हथियार बरामद किये हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में सभी जवानों के सुरक्षित होने की जानकारी मिली है। क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।    
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टीलिंगम ने 28 नक्सलियों के शव बरामद होने की पुष्टि की है।

नक्सलवाद का खात्मा ही ‘डबल इंजन‘ की सरकार का लक्ष्य

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुरक्षाबलों को बधाई देते हुए कहा कि नक्सलवाद का खात्मा ही ‘डबल इंजन‘ की सरकार का लक्ष्य है। 

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, नारायणपुर-दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबल के जवानों की नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में 28 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। जवानों को मिली यह बड़ी कामयाबी सराहनीय है। उनके हौसले और अदम्य साहस को नमन करता हूं। नक्सलवाद के खात्मे के लिए शुरू हुई हमारी लड़ाई अब अपने अंजाम तक पहुंचकर ही दम लेगी, इसके लिए हमारी डबल इंजन सरकार दृढ संकल्पित है। प्रदेश से नक्सलवाद का खात्मा ही हमारा लक्ष्य है।

एजेंसियां
नारायणपुर/दंतेवाड़ा


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment