छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक, अधिकांश इलाकों में बारिश
छत्तीसगढ़ में मानसून के लगभग 11 दिनों देरी से शुक्रवार देर शाम दस्तक देने से अधिकांश इलाकों में वर्षा हो रही है।
![]() |
स्थानीय मौसम कार्यालय के मौसम विज्ञानी एस.पी.चन्द्रा ने आज यहां बताया कि मानसून राज्य के अधिकांश इलाकों में सक्रिय हो गया है, जिससे बारिश जारी है। अगले 24 घंटे में वर्षा का क्रम जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि बस्तर संभाग में शुक्रवार से भारी वर्षा हुई है।
उन्होंने बताया कि कम हवा का दबाव क्षेत्र बना हुआ है लेकिन इसकी तीव्रता काफी कम है, जिससे अगले 72 घंटे में बारिश का क्रम रूक सकता है।
जगदलपुर से मिली खबरों के मुताबिक कल से पूरे बस्तर संभाग में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। कांकेर और केशकाल में कल से मानसून के सक्रिय होने के बाद 74 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
राजधानी रायपुर में भी कल रात से तेज हवाओं और गरज चमक के साथ शुरू हुई वर्षा का क्रम सुबह 10 बजे तक जारी रहा। राजधानी में वर्षा अभी रुकी हुई है, लेकिन घने बादल छाए हुए है और मानसून की ठंडी हवाएं चल रही हैं।
मानसून के सक्रिय होने से राज्यभर में तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की कमी हुई है। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को काफी राहत मिली है। राजधानी समेत राज्यभर में लगभग दो माह से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ था।
| Tweet![]() |