राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने जन्मदिन पर जगन्नाथ मंदिर में की पूजा, उप राष्ट्रपति धनखड़ और PM मोदी समेत कई नेताओं ने दी बधाई

Last Updated 20 Jun 2024 01:20:15 PM IST

आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 66वां जन्मदिन है। अपने जन्मदिन पर राष्ट्रपति मुर्मू ने आज दिल्ली में जगन्नाथ मंदिर में दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।


इस मौके पर उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई मंत्रियों और नेताओं ने बधाई दी।

उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जन्मदिन पर गुरूवार को उन्हें बधाई दी और उनकी अच्छी सेहत व लंबे जीवन की कामना की। राष्ट्रपति मुर्मू 66 वर्ष की हो गईं।

मुर्मू ने अपने दिन की शुरुआत दिल्ली में भगवान जगन्नाथ मंदिर में पूजा अर्चना के साथ की और सभी नागरिकों के कल्याण के लिए प्रार्थना की।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मंदिर की कुछ तस्वीरें साझा कीं और लिखा,‘‘ जय जगन्नाथ! आज दिल्ली में स्थित जगन्नाथ मंदिर में दर्शन किए तथा प्रार्थना की कि सभी देशवासियों का कल्याण हो तथा हमारा देश प्रगति के नए प्रतिमान स्थापित करता रहे।’’



मुर्मू का जन्म 20 जून 1958 को ओडिशा के मयूरभंज जिले के उपरबेड़ा गांव में एक संथाली आदिवासी परिवार में हुआ था। उन्होंने 25 जुलाई 2022 को राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी।

उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मुर्मू को जन्मदिन की बधाई दी।

राष्ट्रपति कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘‘ भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपनी पत्नी डॉ. सुदेश धनखड़ के साथ राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।’’

मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा और समर्पण हम सभी को प्रेरित करता है। गरीबों और हाशिए पर पड़े लोगों की सेवा करने पर उनका ज्ञान और जोर एक मजबूत मार्गदर्शक शक्ति है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘उनकी जीवन यात्रा करोड़ों लोगों को उम्मीद देती है। उनके अथक प्रयासों और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए भारत हमेशा उनका आभारी रहेगा। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।’’

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं औऱ कहा कि राष्ट्र के विकास के लिए राष्ट्रपति का समर्पण एक प्रेरणा है। उन्होंने कहा, 'भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। राष्ट्र के विकास और समाज के गरीब और हाशिए के वर्गों के उत्थान के लिए आपका समर्पण सभी के लिए एक प्रेरणा है। मैं ईश्वर से आपके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।'

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की है। सीएम योगी ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, जनसेवा, राष्ट्र सेवा और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए सतत समर्पित माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई! भगवान श्री जगन्नाथ जी से आपके सुदीर्घ व सुयशपूर्ण जीवन और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना है।

भाषा/समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment