उपचुनाव : तीन लोकसभा व 29 विधानसभा सीटों पर गिनती 2 नवम्बर को

Last Updated 02 Nov 2021 04:51:24 AM IST

देश में 13 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली में तीन लोकसभा सीटों और 29 विधानसभा सीटों पर गत अक्टूबर को हुए उपचुनाव के लिए मतगणना मंगलवार को होगी।


उपचुनाव : 3 लोस व 29 विस सीटों पर गिनती आज

तीन नए केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ हरियाणा विधानसभा से इस्तीफा देने वाले इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) नेता अभय चौटाला, कांग्रेस के दिवंगत नेता वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह और पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉलर ई. लिंगदोह और तेलंगाना के पूर्व मंत्री ई. राजेंद्र प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं जिनके भाग्य का फैसला होगा।

मप्र उपचुनाव

मध्य प्रदेश में तीन विधानसभा और एक लोकसभा क्षेत्र में 30 अक्टूबर को हुए मतदान की मतगणना मंगलवार (2 नवंबर) को होगी। मतगणना की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। भाजपा और कांग्रेस को भरोसा है कि चारों स्थानों पर उनके उम्मीदवारों की जीत होगी। आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी में बताया गया है कि मतगणना सुबह आठ बजे शुरू होगी। पहले डाक मतपत्रों की गणना शुरू होगी। मतगणना के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए दो सभागार तय किए गए हैं, जहां सात-सात टेबिल लगाई जाएंगी। मतगणना स्थलों पर जिला पुलिस बल और अर्धसैनिक बल की तैनाती की गई है।

राज्य के तीन विधानसभा क्षेत्रों रैगांव, जेाबट व पृथ्वीपुर के अलावा खंडवा संसदीय क्षेत्र में उपचुनाव हेा रहे है। भाजपा और कांग्रेस दोनों की ओर से जीत के दावे किए जा रहे हैं।

इन चारों क्षेत्रों में 30 अक्टूबर को मतदान हुआ था। पृथ्वीपुर में 78, जोबट में 53 और रैगांव में 69 प्रतिशत वोट पड़े थे। वहीं खंडवा संसदीय क्षेत्र में लगभग 64 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले थे। पिछले आम चुनाव की तुलना में सिर्फ जोबट विधानसभा क्षेत्र ऐसा है, जहां मतदान का प्रतिशत ज्यादा रहा।

बिहार उपचुनाव के परिणाम पर सबकी नजरें

बिहार में उपचुनाव के लिए दो विधनसभा सीटों कुशेश्वरस्थान और तारापुर में हुए मतदान के बाद अब सबकी नजर मंगलवार को होने वाले मतगणना को लेकर है। इस उपचुनाव के लिए प्रचार में सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। इस उपचुनाव में सत्ताधारी गठबंधन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से जदयू के वरिष्ठ नेता और अध्यक्ष ललन सिंह ने पूरी कमान संभल रखी है तो राजद की ओर से विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने दोनों विधानसभा क्षेत्र में जमकर पसीना बहाया। राजद के लिए ये दोनों सीटें खास बनी हुई है। पार्टी के अध्यक्ष लालू प्रसाद के पटना आने और चुनाव प्रचार करने के बाद राजद के लिए ये सीट और भी खास हो गई है

राजद ने इस चुनाव प्रचार में अपने सभी तमाम दिग्गज नेताओं को मैदान में उतार दिया था। इधर, मतगणना को लेकर भी राजद किसी प्रकार की कोताही बरतने के मूड में नहीं है।

राजद को आशंका है कि कुशेश्वरस्थान उपचुनाव की मतगणना में गड़बड़ी हो सकती है। यही कारण माना जा रहा है कि राजद के नेता तेजस्वी यादव सोमवार की शाम दरभंगा के लिए रवाना होंगे।

राजद के एक नेता ने बताया कि तेजस्वी यादव अगली दो रात तक दरभंगा में ही कैंप करेंगे। वहीं, राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के नेतृत्व में नेताओं की एक टीम तारापुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के लिए मुंगेर जाएगी।

तेजस्वी यादव सहित राजद के नेताओं का मानना है कि सत्तारुढ दल इस चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी कर सकते हैं।

राजद के प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि राजद पूरी तैयारी के साथ प्रबंधन में लगी है। किन-किन संविदाकर्मियों और अधिकारियों को ड्यूटी पर लगाया है, कौन कर्मी और अधिकारी क्या-क्या गड़बड़ी कर सकता है, यह सब की जानकारी प्राप्त की जा रही है और उनपर नजर रखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर लोकतंत्र का हरण और क्षरण नहीं होने देगा।

इधर, तेजस्वी यादव के मतगणना केंद्र पर जाने को लेकर जदयू के उपाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि ये लोग हार का स्वाद चखने जा रहे है। ये सभी अपनी हार की आशंका से बौखला गए है।

इधर, राजद से अलग होकर अकेले चुनाव मैदान में उतरी कांग्रेस के नेताओं की मतगणना पर नजर है। कांग्रेस लंबे समय के बाद राजद से अलग होकर अकेल मैदान में उतरी है।

 

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment