राहुल गांधी लखनऊ से सीतापुर के लिए निकले, प्रियंका के साथ जाएंगे लखीमपुर

Last Updated 06 Oct 2021 02:34:43 PM IST

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के लखीमपुर जाने को लेकर गतिरोध अब खत्‍म हो गया है। प्रशासन ने उनकी बात मान ली है और अब उन्‍हें अपनी गाड़ी से ही लखीमपुर जाने दिया जा रहा है।


राहुल गांधी लखीमपुर के लिए रवाना

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में रविवार को हुए बवाल के बाद अभी भी घमासान मचा है। इसीक्रम कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आज लखीमपुर जाने के लिए राजधानी लखनऊ पहुंचे।

धरने पर बैठ गए हैं राहुल गांधी

वहां से वह अपनी गाड़ी से लखीमपुर जाना चाहते थे। जिसकी प्रशासन इजाजत नहीं दे रहा था। इसके लिए काफी देर हंगामा हुआ। राहुल गांधी धरने पर भी बैठ गये। इसके बाद उनकी बात मान ली गयी। लखनऊ एयरपोर्ट पर कुछ देर धरने पर बैठने के बाद राहुल एयरपोर्ट टर्मिनल से बाहर निकले। प्रशासन ने उनकी मांग को मान लिया है। उनके साथ पंजाब और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री व कांग्रेस के नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला भी बाहर निकले। वह अपनी गाड़ी से सीतापुर के लिए रवाना हो गए हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी अब अपनी गाड़ी से जाएंगे। पहले प्रशासन उन्हें अपनी गाड़ी में ले जा रहा था। राहुल गांधी के साथ छत्तीगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी मौजूद हैं। राहुल गांधी सीतापुर के लिए रवाना हो गए हैं। राहुल गांधी पहले प्रियंका गांधी से मिलेंगे।

 


उन्होंने संवाददाताओं से कहा "हमें अपनी गाड़ी में जाना है तो यह चाहते हैं कि हम इनके साथ उनकी गाड़ी में जाएं। मैं जानना चाहता हूं आप मुझे क्यों नहीं जाने दे रहे। पहले मुझे बोला गया कि आप अपनी गाड़ी में जा सकते हैं अब बोल रहे हैं कि नहीं, आप पुलिस की गाड़ी में जाएंगे। यह कुछ ना कुछ बदमाशी कर रहे हैं।"

उन्होंने एक सवाल पर कहा "चाहे मुझे जेल में डाल दिया जाए, चाहे पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को जेल में डाल दिया जाए, कोई मतलब नहीं है। सवाल यह है कि छह लोगों को अपराधियों ने कुचल कर मार दिया। जिन लोगों को जेल में होना चाहिए उन्हें जेल में नहीं डाला जा रहा है। हमें मृतक किसानों के परिवारों से मिलने से रोका जा रहा है।

सूत्रों ने बताया कि इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ से भी बात की थी।

कांग्रेस नेता राहुल और प्रियंका गांधी को मिली लखीमपुर खीरी जाने की इजाजत

इससे पहले उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार से कांग्रेस नेताओं राहुल, प्रियंका गांधी और तीन अन्य को लखीमपुर हिंसा में मृतकों के परिवारों से मिलने के लिए वहां(लखीमपुर) जाने की अनुमति दे दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि गांधी परिवार को तीन अन्य लोगों के साथ लखीमपुर जाने की इजाजत होगी। उनके साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला के लखीमपुर जाने की संभावना है।

बघेल को मंगलवार को लखनऊ हवाईअड्डे से लौटना पड़ा था, क्योंकि उन्हें सीतापुर में प्रियंका गांधी से मिलने की अनुमति नहीं दी गई थी।

इस बीच प्रियंका गांधी को निजी मुचलके पर रिहा किया जा रहा है। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह भी रिहा हो गए हैं और लखीमपुर जा रहे हैं।

एक संबंधित डवलपमेंट में, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, जो बुधवार को शाहजहांपुर में एक समारोह में शामिल हो रहे थे, ने भी अपनी योजना बदल दी है और लखीमपुर की ओर जा रहे हैं।

आईएएनएस/भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment