दिल्ली कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ताजदार बाबर का निधन, राहुल गांधी ने जताया दुख

Last Updated 02 Oct 2021 12:47:23 PM IST

दिल्ली की पूर्व विधायक और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ताजदार बाबर का आज तड़के 85 वर्ष की उम्र में निधन हो गया, वह लंबे समय से बीमार थीं।


कांग्रेस नेता यासमीन किदवई ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया , "अत्यंत दुख के साथ सूचित किया जाता है कि मेरी दादी और दिल्ली कांग्रेस नेत्री ताजदार बाबर का आज सुबह तड़के निधन हो गया।"

दरअसल उनके परिवार में एक बेटा और दो बेटी हैं। उनके बेटे फरहाद सूरी 2006 में दिल्ली निगम के महापौर रहे चुके हैं। उस वक्त दिल्ली के तीनों निगम एक ही हुआ करते थे।

शनिवार शाम ताजदार बाबर को निजामुद्दीन के पंच पिरान कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा। इससे पहले उनके पार्थिव शरीर निजामुद्दीन ईस्ट स्थित कम्युनिटी सेंटर पर अंतिम दर्शन और श्रद्धाजंलि के लिए रखा गया है।

इसके बाद सभी लोग निजामुद्दीन थाने पर एकत्रित होंगे, वहीं काला मस्जिद में नमाज पढ़ने के बाद उनके पार्थिव शरीर को कब्रिस्तान ले जाया जाएगा।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उनके निधन पर दुख जताते हुए ट्वीट किया, ‘‘ताजदार बाबर जी के परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदना है। हम दिल्ली के लोगों और कांग्रेस के मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद करते हैं।’’

कांग्रेस की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने कहा, ‘‘दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष वरिष्ठ नेत्री ताजदार बाबर जी, जिन्हें हम प्यार से मम्मी संबोधित करते थे, आज हमारे बीच नहीं रही। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे एवं अपने श्री चरणों में स्थान दे. विनम्र श्रद्धांजलि!’’

जानकरी के मुताबिक, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अंतिम दर्शन करने पहुंचेंगे, हालांकि अभी यह तय नहीं हो सका है कि वह कब्रिस्तान जाएंगे या कम्युनिटी सेंटर।

दरअसल प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल के दौरान वह दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष रहीं। साथ ही मिंटो रोड विधानसभा क्षेत्र से दो बार और जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र से एक बार विधायक भी रहीं, उन्हें अक्सर लोग आयरन लेडी भी कहा करते थे।

आईएएनएस/भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment