संयुक्त किसान मोर्चा का भारत बंद : भाजपा ने बताया बेअसर

Last Updated 27 Sep 2021 08:01:17 PM IST

संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा सोमवार को किए गए भारत बंद को पूरी तरह से बेअसर बताते हुए भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि यह 'राजनीतिक ड्रामेबाजी' चल रही है।


संयुक्त किसान मोर्चा का भारत बंद : भाजपा ने बताया बेअसर

देश का किसान और देश की आम जनता भी यह जानती है। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और फतेहपुर सीकरी से लोकसभा सांसद राजकुमार चाहर ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए भारत बंद करने वाले संगठनों पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि इन लोगों का किसानों से कोई लेना-देना नहीं है और ये सिर्फ अपनी राजनीति चमकाने के लिए देश के आम लोगों को तंग कर रहे हैं।

चाहर ने कहा, "आज (सोमवार) का बंद पूरी तरह से बेअसर रहा, कहीं लोगों की कोई भीड़ इकट्ठी नहीं हुई। उन्होंने इस आंदोलन और भारत बंद को राजनीतिक दलों द्वारा संचालित बताते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने भेष बदलकर कुछ जगह जाम और प्रदर्शन जरूर किया, लेकिन यह भारत बंद पूरी तरह से बेअसर ही नजर आया।"



भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राकेश टिकैत पर निशाना साधते हुए कहा कि वह पहले भी सांसद और विधायक का चुनाव लड़ चुके हैं, जिसमें उनकी जमानत तक जब्त हो चुकी है। चाहर ने किसान आंदोलन के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राकेश टिकैत की पहली भी जमानत जब्त हो चुकी है और आने वाले चुनावों में फिर से ऐसा ही होगा। किसान और देश की जनता भाजपा के साथ है।

किसान के नाम पर आंदोलन करने वाले लोगों पर राजनीतिक दलों द्वारा संचालित होने का आरोप लगाते हुए राजकुमार चाहर ने कहा, "महात्मा महेंद्र सिंह टिकैत और चौधरी चरण सिंह ने किसानों के लिए जो सोचा था, केंद्र की मोदी सरकार वैसा ही कर रही है।"

दरअसल, केंद्र की एनडीए सरकार द्वारा लागू किए गए कृषि कानूनों के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा लगातार प्रदर्शन कर रहा है। आंदोलन के 305वें दिन संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में देश के 40 किसान संगठनों ने 27 सितंबर को भारत बंद का आह्वान किया था। कांग्रेस, सपा, बसपा, एनसीपी, डीएमके, टीडीपी, अकाली दल, माकपा और भाकपा के अलावा कई विपक्षी पार्टियों ने किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए इस भारत बंद का समर्थन किया।

संयुक्त किसान मोर्चा ने जहां इस भारत बंद को पूरी तरह से सफल करार दिया, वहीं भाजपा ने इसे पूरी तरह से बेअसर बताया।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment