भारत बंद खत्म, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर यातायात बहाल

Last Updated 27 Sep 2021 07:09:05 PM IST

नए कृषि कानूनों के पारित होने का एक साल पूरा होने के उपलक्ष्य में संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा सोमवार को आहूत दिनभर का भारत बंद और किसानों का आंदोलन शाम 4 बजे खत्म हुआ।


भारत बंद खत्म, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर यातायात बहाल

आंदोलनकारी किसानों ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर यातायात बहाल कर दिया। किसान संघ ने सुबह छह बजे से शाम चार बजे तक भारत बंद का आह्वान किया था। भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "हमें उम्मीद है कि सरकार देशव्यापी भारत बंद के बाद हमारी बात सुनेगी।"

उन्होंने कहा कि देशभर के सभी किसानों ने बंद का समर्थन किया। इसे 100 से अधिक किसान संघों, 15 ट्रेड यूनियनों, राजनीतिक दलों और कई राज्य सरकारों का समर्थन प्राप्त था।

किसान नेता योगेंद्र यादव ने कहा कि बंद पूरे देश में सफल रहा। उन्होंने कहा, "आज का भारत बंद किसान आंदोलन के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। हमने पूरे देश में किसानों का समर्थन अर्जित किया है। आंदोलन अब भारत के दूर-दराज के इलाकों में पहुंच रहा है और सभी नए कृषि कानूनों के खिलाफ हमारा समर्थन कर रहे हैं।"



बंद के बावजूद राष्ट्रीय राजधानी में सार्वजनिक परिवहन चालू रहा। शहर में डीटीसी बसें, दिल्ली मेट्रो, ऑटो-रिक्शा और सार्वजनिक और निजी परिवहन के अन्य साधन सुचारु रूप से चले। राजधानी के उन चार प्रवेश बिंदुओं को छोड़कर, जिन्हें किसानों ने अवरुद्ध कर दिया था, सभी संचार सामान्य रहे।

किसानों ने बंद से आपातकालीन सेवाओं, सभी आवश्यक सेवाओं, चिकित्सा आपातकाल और व्यक्तिगत आपातकाल सहित बचाव और राहत कार्यो को छूट दी थी। संयुक्त किसान मोर्चा ने आश्वासन दिया था कि बंद को स्वैच्छिक और शांतिपूर्ण तरीके से लागू किया जाएगा।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment