कैबिनेट विस्तार के बाद एक्शन में ‘टीम मोदी’, अनुराग-वैष्णव और मनसुख समेत कई नए मंत्रियों ने पदभार संभाला

Last Updated 08 Jul 2021 10:56:48 AM IST

मोदी कैबिनेट के विस्तार के बाद अब जिन मंत्रियों को नई ज़िम्मेदारी मिली है, उनका कार्यभार संभालने का सिलसिला शुरू हो गया है। अनुराग ठाकुर, अश्विनी वैष्णव और मनसुख मंडाविया समेत कई मंत्रियों ने मंत्री के तौर पर अपना कार्यभार संभाल लिया है।


देश के नए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार सुबह मंत्रालय का कामकाज संभाला, उन्होंने पीयूष गोयल का स्थान लिया है और प्रमोशन पाने वाले अनुराग ठाकुर ने सूचना-प्रसारण मंत्रालय का कार्यभार संभाला, जिन्हे प्रकाश जावड़ेकर की जगह दी गई है। वहीं मनसुख मंडाविया ने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया है।

नौकरशाह-उद्यमी से नेता बने अश्विनी वैष्णव ने बृहस्पतिवार को देश के नए रेल मंत्री के तौर पर कार्यभार संभाला। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1994 बैच के पूर्व अधिकारी वैष्णव ने 15 वर्ष से अधिक समय तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।

उन्हें खासतौर से बुनियादी ढांचे में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) की रूपरेखा बनाने में उनके योगदान के लिए जाना जाता है जो उन्हें रेल क्षेत्र में भी मदद करेगा. उन्होंने जनरल इलेक्ट्रिक एंड सिमंस जैसी कई बड़ी वैश्विक कंपनियों में भी नेतृत्व भूमिकाएं निभायी हैं. वैष्णव ने पेन्सिलवेनिया विश्वविद्यालय के व्हार्टन स्कूल से एमबीए और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर से एम.टेक किया है।

 

उनके पास संचार और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी के दो अन्य महत्वपूर्ण विभाग भी रहेंगे। वैष्णव ने प्रभार संभालते हुए कहा, ‘‘रेल क्षेत्र में पिछले 67 वर्षों में शानदार काम किया गया है। मैं यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के मुताबिक, इसे आगे ले जाने के लिए आया हूं।’’

मंत्रिमंडल विस्तार में कई मंत्रियों का प्रमोशन भी हुआ है। जिनमें अनुराग ठाकुर भी शामिल हैं। गुरुवार को अनुराग ठाकुर दफ्तर पहुंचे और सूचना और प्रसारण मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। पीएम मोदी की नई टीम में नए लोगों को अच्छे कामकाज का इनाम मिला है। अनुराग ठाकुर अब तक राज्य मंत्री के तौर पर कामकाज संभालते थे, उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है।

कार्यभार संभालने के दौरान अनुराग ठाकुर ने मीडिया से बात करते हुए कहा , "दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में, मोदी जी ने देश को आगे ले जाने का बहुत शानदार काम किया। सूचना प्रसरण मंत्रालय के माध्यम से हम कैसे और लोगों तक पहुंच पाए, इसका प्रयास रहेगा और जो काम मुझसे पूर्व मंत्रियों ने किए, उन्हें आगे बढ़ाने का काम करूंगा।"

उन्होंने कहा, "दूसरी ओर मोदी जी ने जिम्मेदारी दी है उसपर खरा उतरने का प्रयास करूंगा और आशा करता हूं आप सब के सहयोग से इस जिम्मेदारी का निर्वहन करूंगा।"
 

भाजपा के वरिष्ठ नेता मनसुख मंडाविया ने मौजूदा कोविड महामारी के बीच गुरुवार को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय का कार्यभार संभाला। मंडाविया पहले मोदी सरकार में बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और केंद्रीय रसायन और उर्वरक राज्य मंत्री थे।

 


वह जल्द ही रसायन और उर्वरक मंत्रालय का कार्यभार भी संभालेंगे। बुधवार को मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में पहले कैबिनेट फेरबदल के बाद मंडाविया को नई जिम्मेदारी दी गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय हर्षवर्धन के पास था, जो फेरबदल में हटाए जाने वाले शीर्ष मंत्रियों में से एक हैं। रसायन और उर्वरक मंत्रालय डी.वी. सदानंद गौड़ा भी कैबिनेट से बाहर हैं।

मीनाक्षी लेखी ने विदेश और संस्कृति राज्य मंत्री के रूप में संभाला कार्यभार
नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र से दो बार की सांसद मीनाक्षी लेखी ने गुरुवार को विदेश राज्य मंत्री और संस्कृति राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। लेखी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा और पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा, "उन्होंने योग्यता और कड़ी मेहनत को प्राथमिकता दी और सभी को जगह दिया।"

लेखी ने अपने कैबिनेट 2.0 में महिला नेताओं को बड़ी जिम्मेदारियां देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा, "लोग महिला सशक्तिकरण की बात करते थे, लेकिन पीएम मोदी ने इसे संभव बनाया कि देश में सशक्त महिलाओं का नेतृत्व हो। यह प्रशंसनीय है।"

RCP सिंह ने संभाला पदभार
आरसीपी सिंह ने आज अपना पदभार संभाल लिया है. उन्हें इस्पात मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है. सिंह जेडीयू कोटे से मंत्री बनाए गए हैं. आरसीपी सिंह जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं।

किरेन रिजिजू ने कानून मंत्री के रूप में लिया चार्ज
किरेन रिजिजू ने देश के नए कानून मंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। इससे पहले ये मंत्रालय रविशंकर प्रसाद के पास था. वहीं रिजिजू पहले खेल मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।



नारायण राणे ने MSME मिनिस्ट्री का लिया चार्ज
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायाण राणे को भी कैबिनेट में जगह मिली है। उन्हें MSME मिनिस्ट्री दी गई है. इससे पहले ये मंत्रालय नितिन गडकरी के पास था।



जी किशन रेड्डी ने संभाला पदभार
जी किशन रेड्डी को देश का नया संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री बनाया गया है। आज उन्होंने अपना पदभार संभालेंगे। इससे पहले प्रहलाद पटेल के पास संस्कृतिक मंत्रालय की जिम्मेदारी थी।

भाजपा संगठन के सदस्य भूपेंद्र यादव ने श्रम मंत्रालय का संभाला कार्यभार

राजस्थान से राज्यसभा सांसद और भाजपा संगठन के सदस्य भूपेंद्र यादव ने गुरुवार को श्रम और रोजगार मंत्री और पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। श्रम और रोजगार राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने भी गुरुवार को कार्यभार संभाला।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (सात जुलाई) शाम कैबिनेट का सबसे बड़ा विस्तार किया। इस दौरान 43 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई, जिनमें 36 नए चेहरे हैं। उनमें उत्तर प्रदेश के बाद सबसे अधिक प्रतिनिधित्व पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और महाराष्ट्र को मिला है. इन राज्यों से चार-चार सांसदों को मंत्रिपरिषद में जगह दी गई है।

वहीं, सात राज्यमंत्रियों को पदोन्नत कर कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। इनमें अनुराग सिंह ठाकुर, जी किशन रेड्डी, आर के सिंह, हरदीप सिंह पुरी भी शामिल हैं। भूपेंद्र यादव एकमात्र ऐसे मंत्री हैं जिन्हें अभी तक कोई प्रशासनिक अनुभव नहीं रहा है। वह अभी तक भाजपा संगठन का काम देखते रहे हैं। हालांकि पिछले कुछ वर्षें में एक सांसद के रूप में अपनी एक विशेष पहचान बनाई है।

प्रधानमंत्री के रूप में मई 2019 में 57 मंत्रियों के साथ अपना दूसरा कार्यकाल आरंभ करने के बाद मोदी ने पहली बार केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल व विस्तार किया है।

एजेंसियां
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment