बंगाल रैली में भाजपा अध्यक्ष नड्डा बोले- BJP का आना और ममता जी का जाना तय है

Last Updated 09 Jan 2021 01:50:19 PM IST

बीजेपी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा आज पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। एक सभा में उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर जमकर निशाना साधा।


नड्डा पहुंचे बंगाल

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के प्रधानमंत्री किसान योजना लागू करने के लिए सहमत होने पर व्यंग्य करते हुए कहा कि वह राज्य के किसानों के बीच तेजी से अपनी जमीन खिसकने का एहसास होने के बाद यह कदम उठाने पर राजी हुई हैं। नड्डा ने चुनावी राज्य में किसानों के लिए ‘कृषक सुरक्षा अभियान’ की शुरुआत की।       

उन्होंने ‘पीएम किसान सम्मान निधि’ योजना को क्रियान्वित करने पर राज्य सरकार के सहमत होने पर कहा कि सत्तारूढ तृणमूल कांग्रेस के लिए अब बहुत देर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार योजना को लागू करने के लिए तब विवश हुई जब उसे किसानों के गुस्से और इस बात का एहसास हो गया कि केंद्रीय योजनाओं से कृषकों को वंचित रखे जाने पर राज्य से तृणमूल कांग्रेस का शासन उखड़ जाएगा।      

नड्डा ने कहा, ‘‘ममता बनर्जी इतने लंबे समय बाद पीएम किसान सम्मान निधि को क्रियान्वित करने पर यह एहसास होने के बाद सहमत हुईं कि बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की जमीन तेजी से खिसक रही है।’’  उन्होंने अभियान की शुरुआत करते हुए कहा, ‘‘लेकिन मैं स्पष्ट कर दूं कि तृणमूल कांग्रेस सरकार के लिए अब बहुत देर हो चुकी है।’’      

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने योजना का एक साल से अधिक समय तक विरोध करने के बाद इस महीने के शुरू में अपना रुख नरम कर लिया था।      

नड्डा ने कहा कि कटवा में किसानों की रैली से यह तय हो गया है कि ममता बनर्जी सरकार के अब गिनती के दिन बचे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा बंगाल में अपनी सरकार बनने के बाद किसानों को न्याय उपलब्ध कराएगी।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के कटवा स्थित प्रसिद्ध राधा गोबिंद मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य के दौरे की शुरूआत की। उन्होंने इस दौरान बंगाल की प्रगति और सभी के कल्याण की कामना की। मंदिर में दर्शन के बाद भाजपा अध्यक्ष ने बर्धमान जिले के कटवा में किसान ग्राम सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ममता का जाना निश्चित है, भाजपा का आना तय है।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस दौरान पश्चिम बंगाल में भाजपा के 'एक मुट्ठी चावल' अभियान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा, "एक मुट्ठी चावल जो मैंने किसानों से दान लिया है और आगे जाकर गांव में भी उनसे दान लेने वाला हूं। आज से 24 तारीख तक हमारे कार्यकर्ता 40 हजार ग्राम सभाओं में जाकर किसानों से अन्न लेंगे और दुर्गा मां की सौगंध खाएंगे कि उनकी लड़ाई भाजपा का कार्यकर्ता लड़ेगा।"



भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, "बंगाल में जिस तरह से गर्मजोशी से स्वागत किया और जिस तरीके से आप इतनी बड़ी संख्या में यहां उपस्थित हुए हैं, ये बताता है कि आपने तय कर लिया है कि ममता का जाना निश्चित है, भाजपा का आना तय।"

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किसानों के हित में मोदी सरकार के कार्यो को गिनाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की भी 17 मंडिया ई नाम से जुड़ चुकी हैं। इन मंडियों के माध्यम से किसान अपना सामान देश के किसी भी कोने में अच्छे दाम पर बेच सकता है। उन्होंने कई अन्य विकास कार्यक्रमों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यहां ईस्ट वेस्ट मेट्रो बन रही है, जिसपर लगभग 8 हजार 575 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। पश्चिम बंगाल में तमाम हाईवे का निर्माण मोदी सरकार ने किया है।

कोलकाता से डायमंड हार्बर की उनकी यात्रा के दौरान गत 10 दिसंबर को उनके काफिले पर हुए हमले के बाद नड्डा की यह पहली बंगाल यात्रा है।   नड्डा लगभग 11.45 बजे अंडाल हवाईअड्डा पहुंचे और वहां से हेलीकॉप्टर पर सवार होकर पूर्वी बर्धमान जिले के जगदानंदपुर गांव पहुंचे। यहां के प्रसिद्ध श्री राधा गोबिंद मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद वह गांव में ‘‘कृषक सुरक्षा’’ ग्राम सभा को संबोधित करेंगे। राज्य विधानसभा के चुनाव से पहले पार्टी की ओर से ऐसे ही पूरे पश्चिम बंगाल में 40,000 ग्राम सभाओं के आयोजन का कार्यक्रम करने का लक्ष्य रखा गया है। उनकी बंगाल यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं ताकि कोई अप्रिय घटना ना घट सके।      

विपक्षी दलों द्वारा केंद्र सरकार पर किसान विरोधी होने के लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देने के लिए जगदानंदपुर गांव में घर-घर जाकर ‘‘एक मुट्ठी चावल संग्रह’’ अभियान की शुरुआत करेंगे। वे दिन भर बर्धमान जिले में किसानों के साथ ही बिताएंगे और उन्हें नये कृषि कानूनों के फायदे बताएंगे।      

ज्ञात हो कि दिल्ली की सीमाओं पर पिछले चार सप्ताह से कड़ाके की ठंड के बीच पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसान तीनों कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। सरकार और किसान संगठनों के बीच शुक्रवार को आठवें दौर की वार्ता भी हुई लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल सका।    

सरकार जहां कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को खारिज करती रही है वहीं किसान संगठनों ने स्पष्ट कर दिया है कि आखिरी सांस तक इन कानूनों को निरस्त करने की लड़ाई लड़ते रहेंगे। चावल संग्रह अभियान के तहत 2021 विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी राज्य के 73 लाख किसानों के घर-घर पहुंचेगी।      

प्रदेश भाजपा के एक नेता ने बताया, ‘‘इस अभियान की शुरुआत होने के बाद पार्टी के कार्यकर्ता राज्य के 48,000 गांवों में जाएंगे और घर-घर पहुंचकर एक मुटठी चावल संग्रह करेंगे।’’ 

नड्डा बर्दवान क्लॉक टॉवर से लॉर्ड कर्जन गेट तक एक रोड शो करेंगे।  तय कार्यक्रम के मुताबिक नड्डा बर्धमान में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे और उसके बाद पार्टी की कोर कमिटी के सदस्यों के साथ बैठक पर विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगे।    

ज्ञात हो इसी साल के मध्य में पश्चिम बंगाल विधानसभा के चुनाव होने हैं। पार्टी ने वहां की सत्तारूढ तृणमूल कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रखा है। लोकसभा चुनाव में राज्य की 18 सीटों पर जीत हासिल करने के बाद भाजपा का उत्साह और बढा हुआ है।      

राज्य में चुनाव अभियान को धार देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी हर महीने राज्य का दौरा करने वाले हैं।

भाषा/आईएएनएस
कटवा (पश्चिम बंगाल)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment