COVID-19 : गैर जिम्मेदाराना रवैया बढ़ा रहा मरीज
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्ष वर्धन ने कहा है कि देश में कोविड-19 मामलों की वृद्धि का कारण लोगों का ‘गैर जिम्मेदाराना रवैया’ है।
![]() केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्ष वर्धन (file photo) |
उन्होंने लोकसभा सांसदों से महामारी के बारे में जागरूकता फैलाने की अपील की। संसद के निचले सदन में कोविड-19 पर एक विशेष चर्चा में उन्होंने कहा कि इस तरह के व्यवहार के कारण महामारी तेजी से फैल रही है।
उन्होंने कहा, ऐसा लगता है कि लोग अनलॉक प्रक्रियाओं को गलत समझ बैठे हैं और ऐसा मान रहे हैं जैसे सब कुछ ठीक हो गया है और वे तनावमुक्त हो गए हैं। उन्हें याद रखना चाहिए कि कोविड को लेकर एहतियात महत्वपूर्ण है। उन्होंने आगे कहा, हाथों को चेहरे से दूर रखना चाहिए। मास्क अवश्य पहनना चाहिए और साथ ही शारीरिक दूरी का पालन करना चाहिए। मंत्री ने सांसदों से अपील की कि वे कोविड-19 से संबंधित उचित व्यवहार के बारे में जन जागरूकता फैलाएं और इससे जुड़ा अभियान शुरू करें और इसे अपने संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में लागू करें।
उन्होंने करीब पांच घंटे की बहस के जवाब में आगे कहा, यदि हम अपने व्यवहार में लिप्त शिथिलता को समाप्त कर देंगे, तो कोविड के खिलाफ लड़ाई जल्द जीती जा सकती है। हमें कोविड ट्रांसमिशन की चेन को तोड़ना होगा। मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह संक्रमण हवा से नहीं फैलती है और इसका चक्र मनुष्यों के माध्यम से होता है और जब तक कोविड वैक्सीन बाजार में नहीं आ जाती तब तक मानव व्यवहार को नियंत्रित करने की आवश्यकता है।
| Tweet![]() |