PM Modi In Austria: ऑस्ट्रिया में PM मोदी का जोरदार स्वागत, ऑस्ट्रिया के कार्ल नेहमर ने की मेजबानी

Last Updated 10 Jul 2024 10:14:40 AM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस के बाद दो दिन के दौरे पर ऑस्ट्रिया पहुंच गए हैं। ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना में पीएम मोदी का भव्य स्वागत हुआ है।


ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर ने पीएम मोदी की मेजबानी की।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर वियना में दोनों नेताओं की एक साथ तस्वीरें पोस्ट की। उन्होंने कहा, "भारत-ऑस्ट्रिया साझेदारी में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऑस्ट्रियाई चांसलर कार्ल नेहमर ने निजी मुलाकात की मेजबानी की। यह दोनों नेताओं के बीच पहली बैठक है। द्विपक्षीय साझेदारी को साकार करने पर आगे चर्चा होगी।"

रूस की दो-दिवसीय यात्रा के बाद मोदी वियना पहुंचे हैं। यह 40 वर्ष से अधिक समय में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली ऑस्ट्रिया यात्रा है। इससे पहले 1983 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने इस देश की यात्रा की थी।

ऑस्ट्रिया के विदेश मंत्री अलेक्जेंडर शेलेनबर्ग ने हवाई अड्डे पर मोदी का स्वागत किया।

एक तस्वीर में मोदी नेहमर को गले लगाते नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में ऑस्ट्रियाई चांसलर प्रधानमंत्री के साथ सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं।

ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर ने एक्स पर पीएम मोदी के साथ तस्वीर पोस्ट करते हुए कहा, "वियना में आपका स्वागत है। ऑस्ट्रिया में आपका स्वागत करना हमारे लिए खुशी और सम्मान की बात है। ऑस्ट्रिया और भारत दोस्त व साझेदार हैं। मैं आपकी यात्रा के दौरान हमारी राजनीतिक और आर्थिक चर्चाओं का इंतजार कर रहा हूं।"

वहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर को 'गर्मजोशी से स्वागत के लिए' धन्यवाद दिया। इसके साथ ही कहा कि वह कल होने वाली हमारी चर्चाओं के लिए भी उत्सुक हैं। हमारे देश विश्व की भलाई के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।"

पीएम मोदी ने एक्स पर एक अन्य पोस्ट में कहा, "चांसलर कार्ल नेहमर, वियना में आपसे मिलकर खुशी हुई। भारत-ऑस्ट्रिया की दोस्ती मजबूत है और आने वाले समय में यह और भी मजबूत होगी।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऑस्ट्रिया यात्रा के दौरान दोनों देश अपने संबंधों को और मजबूत बनाने तथा विभिन्न भू-राजनीतिक चुनौतियों पर सहयोग के तरीकों पर विचार करेंगे।

मोदी ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलन से बुधवार को मुलाकात करेंगे और ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर के साथ भी आधिकारिक तौर पर वार्ता करेंगे।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पीएम मोदी आज ऑस्ट्रिया में कई अलग-अलग कार्यकर्मों में हिस्सा लेंगे। वह वियना में उद्योगपतियों से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा पीएम मोदी ऑस्ट्रिया में रह रहे भारतीय नागरिकों से भी बातचीत करेंगे।

 

आईएएनएस/भाषा
वियना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment