Mahindra Group के पूर्व चेयरमैन केशब महिंद्रा का 99 साल की उम्र में निधन

Last Updated 12 Apr 2023 11:26:18 AM IST

महिंद्रा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन केशब महिंद्रा का 99 साल की उम्र में निधन हो गया है।


केशब महिंद्रा (फाइल फोटो)

कुछ समय पहले फोर्ब्स की तरफ से जारी 2023 की बिलेनियर्स लिस्ट में  भारत के 16 नए अरबपतियों में शामिल किया गया था। वे 1.2 अरब डॉलर की संपत्ति के मालिक थे।

उनके निधन की खबर भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन और प्राधिकरण केंद्र (INSPACe) के अध्यक्ष पवन गोयनका ने ट्वीट के जरिए दी।

उन्होंने 48 वर्षों तक महिंद्रा ग्रुप का नेतृत्व किया। 2012 में उन्होंने चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया था।

9 अक्टूबर, 1923 को शिमला में जन्मे महिंद्रा ने अपनी उच्च शिक्षा पेंसिल्वेनिया विश्वविद्यालय के व्हार्टन स्कूल में पूरी की। इसके बाद, वह 1947 में महिंद्रा एंड महिंद्रा समूह में शामिल हो गए, और 1963 में इसके चेयरमैन बने।

गौरतलब है कि दिसंबर 1984 में हुए भोपाल गैस रिसाव के समय महिंद्रा यूनियन कार्बाइड इंडिया लिमिटेड के गैर-कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे ।

भोपाल गैस त्रासदी में महिंद्रा और अन्य को बाद में 2010 में एक अदालत ने दो साल की जेल की सजा सुनाई थी, लेकिन बाद में जमानत भी मिल गई थी।

उन्होंने कई उद्योग संगठनों और एसोचैम, हुडको जैसे संघों के साथ भी काम किया। टाटा, सेल, आईएफसी, आईसीआईसीआई, एचडीएफसी, ईएफआई, एआईएमए, बॉम्बे डाइंग, बॉम्बे बर्मा ट्रेडिंग जैसी शीर्ष कंपनियों के बोर्ड में भी रह चुके हैं।

केशब उद्योगपति आनंद महिंद्रा के रिश्ते में चाचा थे।

समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment