Bumrah को सर्वश्रेष्ठ पुरुष व मंधाना को सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर का पुरस्कार

Last Updated 01 Feb 2025 07:22:42 AM IST

करिश्माई तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को पुरुष वर्ग में 2023-24 के सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के लिए भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई - bcci) के पॉली उमरीगर पुरस्कार के लिए चुना गया जबकि स्मृति मंधाना ने महिला वर्ग में यह पुरस्कार जीता जो शनिवार को बोर्ड के वाषिर्क पुरस्कार समारोह के दौरान दिए जाएंगे।


बुमराह को 2024 में कौशल, सटीकता और निरंतरता के साथ शानदार प्रदर्शन करने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद का टेस्ट और ओवरऑल साल का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना गया है।

उन्होंने पिछले साल भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया और इंग्लैंड तथा बांग्लादेश के खिलाफ भारत की घरेलू श्रृंखलाओं में जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह 31 वर्षीय  गेंदबाज बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में आस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रृंखला का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहा। आईसीसी की साल की सर्वश्रेष्ठ महिला वनडे क्रिकेटर मंधाना ने 2024 में 743 रन बनाए।  

टेस्ट क्रिकेट में 537 विकेट के साथ भारत के दूसरे और दुनिया के आठवें सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के रूप में दिसंबर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को विशेष पुरस्कार के लिए चुना गया।

नवंबर 2011 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले 37 साल के अश्विन ने स्वदेश में लंबे प्रारूप में 12 साल तक भारत के दबदबे में अहम भूमिका निभाई। नए खिलाड़ियों में मुंबई के बल्लेबाज सरफराज खान को फरवरी 2024 में राजकोट टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ अर्धशतक के लिए पुरुष वर्ग में सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय पदार्पण के पुरस्कार के लिए चुना गया।  

महिला वर्ग में आशा शोभना को जून 2024 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले एकदिनी अंतरराष्ट्रीय मैच में 21 रन पर चार विकेट चटकाने के लिए सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय पदार्पण का पुरस्कार जीता।  मंधाना को सर्वाधिक रन बनाने के लिए एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय पदक से भी सम्मानित किया जाएगा। 

तनुष कोटियान को 2023-24 सत्र में घरेलू क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए बीसीसीआई घरेलू टूर्नामेंट ट्रॉफी के लिए चुना गया। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को कर्नल सीके नायुडू लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए चुना गया।

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment